पर्युषण पर्व पर खेरवाड़ा में दस दिन होंगे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन, भव्य रथोत्सव का निर्णय
खेरवाड़ा में 16 सितम्बर से शुरू होने वाले दस दिवसीय पर्युषण पर्व को भव्यता से मनाने का निर्णय लिया गया। अभिषेक-पूजन, महाआरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतिभा सम्मान और समापन पर रथोत्सव होगा।
तस्वीर में शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर परिसर में आयोजित समाज की बैठक में उपस्थित दिगंबर जैन समाज के लोग नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा में दिगंबर जैन समाज ने 16 सितम्बर से प्रारंभ होने वाले दस दिवसीय पर्वाधिराज पर्युषण पर्व को समारोहपूर्वक मनाने का निर्णय लिया है। इसको लेकर समाज के सदस्यों की बैठक अध्यक्ष रमेश चंद्र कोठारी की अध्यक्षता में शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में पर्व के दौरान होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
समाज के महामंत्री भूपेंद्र जैन ने बताया कि सर्वसम्मति से तय किया गया कि पर्युषण पर्व के प्रथम एवं अंतिम दिन समाजजन अपना व्यवसाय पूर्ण रूप से बंद रखेंगे। पर्व के दसों दिन प्रातः विधानाचार्य के सानिध्य में अभिषेक एवं पूजन विधान संपन्न होंगे। शाम को महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद नवयुवक मंडल के तत्वावधान में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
त्रयोदशी के अवसर पर स्वर्गीय जीवंधर भंवरा की स्मृति में कलावती देवी भंवरा एवं उनके परिजनों की ओर से प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। दस दिवसीय पर्युषण पर्व के समापन पर नवयुवक मंडल के नेतृत्व में भव्य रथोत्सव निकाला जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष रमेश चंद्र कोठारी ने समाजजनों से पर्युषण पर्व के दौरान अधिकाधिक धार्मिक गतिविधियों में सहभागिता करने तथा समाजहित में एकजुट होकर सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में उपाध्यक्ष रवि प्रकाश मेहता, पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर कोठारी, श्रीपाल जैन एवं राजेंद्र कोठारी, पूर्व महामंत्री दिनेश जैन, धनपाल जैन एवं हसमुख जैन, कार्यकारिणी सदस्य पुष्कर जैन, कांतिलाल कीकावत, पूर्व उपाध्यक्ष पारस जैन, कमलेश जैन, खूबचंद चंदावत, गजेंद्र पंचोली, नगेंद्र कोठारी, हितेश पंचोली, सुरेश जैन, रतन लाल चंदावत, शैलेश पंचोली, महिला परिषद अध्यक्ष शकुंतला कोठारी, मंत्री किरण कोठारी, युवा परिषद के अक्षय मेहता एवं विराग जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन महामंत्री भूपेंद्र जैन ने किया तथा अंत में सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।