तस्वीर में सलूंबर में आयोजित भाजपा बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते नेता।   

सलूंबर में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा संगठन के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने सलूंबर एवं छप्पन मंडलों के कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर चुनावी अभियान में जुटने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता से सीधे जुड़ें और पूरी ताकत व समर्पण के साथ चुनावों में जुट जाएं। उन्होंने दावा किया कि जनता गांवों में भाजपा की सरकार बनाने के लिए तैयार बैठी है।

सलूंबर-बांसवाड़ा बायपास पर छप्पन मंडल के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन करते हुए जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि गांवों के विकास के लिए स्थानीय स्तर पर भाजपा के बोर्ड और पंचायती राज प्रतिनिधियों का विजयी होना जरूरी है। इससे सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ गांवों तक पहुंच सकेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव में गांव-गांव जाकर काम करने और हर मतदाता तक पहुंचने की जरूरत बताई।

चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि कार्यकर्ता अपना-पराया और आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर चुनाव लड़ें तो भाजपा को जीतने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि संपूर्ण राजस्थान में 200 से अधिक निकायों में भाजपा का बोर्ड बना है। उनके अनुसार यह केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राजस्थान की भजन लाल सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जनता गांवों की सरकार भाजपा की बनाने के लिए तैयार बैठी है और कार्यकर्ताओं को केवल जनता से संवाद करने की जरूरत है।

जिलाध्यक्ष जोशी ने कहा कि टिकट वितरण पारदर्शी तरीके से जनता और कार्यकर्ताओं की भावना के अनुरूप तय होंगे। पार्टी की जाजम से पैनल जिला एवं संभाग कोर कमेटी के बाद प्रदेश से तय होंगे।

बैठक में जिला उपाध्यक्ष सोनल मीणा, जिला मंत्री भूरा भाई पटेल, सहकारी उपभोक्ता भंडार के जिलाध्यक्ष करण सिंह पवार, मंडल अध्यक्ष अमरा भाई पटेल, विधानसभा प्रवासी प्रतीक नंदवाना, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामेश्वर जोशी, महामंत्री संजय मेहता, नेता प्रतिपक्ष सोहन लाल चौधरी, उप प्रधान देवेंद्र सिंह, परमानंद मेहता समेत भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मेवल मंडल में पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर करावली के रोडदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मंडल अध्यक्ष नाहर सिंह राठौड़ की अध्यक्षता एवं जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी के मुख्य आतिथ्य में बैठक हुई। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार में मेवल क्षेत्र में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आई है। उन्होंने कहा कि जो काम बचे हैं, पंचायत राज में ट्रिपल इंजन की सरकार बनने पर शत-प्रतिशत पूरे होंगे।

चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि जनता ने भाजपा के नेतृत्व में गांवों के विकास के लिए गांवों की सरकार बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर बूथ और हर मतदाता तक भाजपा के विकास के संकल्प के पक्ष में मत डालने का आमंत्रण पहुंचाने को कहा।

उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को सक्रिय कर चुनावी विजय अभियान में जुटना है और कांग्रेस के भ्रामक एवं झूठे प्रचार का मुंह तोड़ जवाब देना है।

मेवल मंडल की बैठक में पूर्व मंडल अध्यक्ष यशवंत त्रिवेदी, जिला प्रवक्ता नाथु भाई कोलावत, नेता प्रतिपक्ष सोहन लाल चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष केवाराम पटेल, मंडल प्रतिनिधि झमक लाल जैन, महामंत्री केशव चौबीसा, लालू राम पटेल, विधानसभा प्रवासी प्रतीक नंदवाना, किसान मोर्चा कार्यसमिति सदस्य जया मीणा, नारा भाई गामडा, उदय लाल डांगी, हीरा लाल पटेल, कलाराम मीणा, शंकर भील, बहादुर सिंह चुण्डावत, रतन जैन, भेरू लाल मीणा, केसर सिंह, नाहर सिंह ढोलकाकर, नाथु सिंह लोदा, रोड सिंह गुडेल समेत भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Tags: