तस्वीर में विधायक दयाराम परमार ग्रामीणों के साथ शिलान्यास कार्यक्रम में खड़े हैं।   

ऋषभदेव, 1 अक्टूबर। विधायक डॉ. दयाराम परमार ने कहा कि धर्म, जातिवाद और नफरत की राजनीति करने वालों को पंचायती राज चुनाव में हराने की आवश्यकता है। उन्होंने यह बात उपखंड ऋषभदेव की ग्राम पंचायत सोमावत में मेन सड़क से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सोमावत तक विधायक मद से 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड के शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही।

डॉ. परमार ने कहा कि देश में नफरत और जातिवाद की राजनीति करने वालों को आने वाले ग्राम पंचायतों के चुनाव में हराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि छात्रों को मेन संपर्क सड़क से विद्यालय तक आने-जाने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विधायक मद से 10 लाख रुपये की लागत से विद्यालय तक सीसी रोड का निर्माण करवाया जा रहा है।

समारोह के दौरान सोमावत के ग्रामीणों की मांग पर डॉ. परमार ने विद्यालय परिसर में टीन शेड निर्माण के लिए विधायक मद से 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में स्थानीय विद्यालय की बालिकाओं ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया।

इससे पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ऋषभदेव के अध्यक्ष रुप लाल मीणा ने अतिथियों का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने डॉ. परमार का क्षेत्र के ग्रामीणों की ओर से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ऋषभदेव के महामंत्री ललित मीणा, पंचायत समिति ऋषभदेव के पंचायत समिति पूर्व दिनेश मीणा, सोमावत सरपंच कावरचन्द मीणा, गडावत सरपंच भैरुलाल मीणा, वार्ड पंच शान्ति लाल मीणा, कालुराम मीणा, जगन्नाथ मीणा, अर्जून मीणा, बेसर मीणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Tags: