तस्वीर में ऋषभदेव क्षेत्र के ग्रामीण बदहाल सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर उपखण्ड कार्यालय में ज्ञापन सौंपते हुए नजर आ रहे हैं.   

ऋषभदेव, 23 सितंबर 2026। मजदूर किसान हक संगठन ने ग्रामवासियों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन के माध्यम से उपखण्ड अधिकारी ऋषभदेव से क्षेत्र की तीन बदहाल सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है। संगठन ने नाल बस स्टैंड से गदलास, मोखीला से सीनियर स्कूल सोमावत तथा नाल बस स्टैंड से डूंगरा पालिया बावसी तक की सड़कों की स्थिति सुधारने की मांग उठाई।

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत सोमावत की नाल से गदलास मुख्य सड़क क्षेत्र के कई गांवों और ढाणियों के साथ खरबर, प्रसाद होते हुए उदयपुर को जोड़ती है। यह सड़क बदहाल हो चुकी है। पूरी सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और डामर पूरी तरह उखड़ चुका है। इसके चलते आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

सड़क खराब होने के कारण एम्बुलेंस या अन्य आवश्यक वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते हैं। इससे बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को इस रास्ते से ले जाना अत्यंत खतरे का काम हो गया है। वहीं, खस्ताहाल सड़क के कारण उड़ने वाली धूल-मिट्टी घरों, खेतों तथा अनाज में जम जाती है।

ज्ञापन में बताया गया कि मोखीला चोरा से सीनियर स्कूल सोमावत तक की सड़क पूरी तरह टूट गई है और इसमें पानी भर जाता है। इस स्कूल में पोलिंग बूथ भी है। इसी तरह नाल बस स्टैंड से डूंगरा पालिया बावसी तक की सड़क की स्थिति भी खराब है।

मजदूर किसान हक संगठन के उपाध्यक्ष शांतिलाल अहारी ने बताया कि इन सड़कों की मरम्मत के लिए पूर्व में भी तीन-तीन बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़कों की मरम्मत शुरू नहीं हुई तो ग्रामवासियों के साथ आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन देने के दौरान नानालाल, बाबूलाल, रामलाल, कांतिलाल, लाला भाई, धनपाल, बालू राम, शकर जी, महेंद्र आदि उपस्थित थे।

Tags: