लराठी में 70वीं जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ, 68 टीमों ने लिया भाग
खेरवाड़ा के लराठी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 70वीं जिला स्तरीय बालक-बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिले की 68 टीमों के 800 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
तस्वीर में लराठी विद्यालय में कबड्डी प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में पूर्व विधायक नानालाल आहारी माइक पर बोलते नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा। उपखंड क्षेत्र के लराठी पंचायत मुख्यालय स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लराठी में 70वीं जिला स्तरीय बालक-बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह पूर्व विधायक नानालाल आहारी के मुख्य आतिथ्य और पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता, ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी ज्योति प्रकाश पटेल, पूर्व उप प्रधान अमृतलाल पटेल, नयागांव मंडल अध्यक्ष दुर्गा भगोरा, समाजसेवी मानसिंह मीणा और मंडल मंत्री रामलाल पटेल मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के प्रधानाचार्य कालुसिंह खींची और लराठी सरपंच लालूराम मीणा ने अतिथियों का मेवाड़ी पगड़ी बंधवाकर और उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया।
मुख्य अतिथि नानालाल आहारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जीवन में शिक्षा के साथ खेलों का महत्वपूर्ण स्थान है। खेल मानसिक और शारीरिक विकास के साथ अनुशासन तथा कर्तव्यनिष्ठा के भाव जागृत करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए विजय होने का आह्वान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान नानालाल आहारी ने लराठी विद्यालय में दो कक्षा-कक्षों का निर्माण कराने तथा लराठी के विकास में पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
समारोह में उपसरपंच दिनेश मीणा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रूपेश बोडात, पूर्व सरपंच पूनम चंद खराड़ी, भाजपा कार्यकर्ता अमृत मीणा, अमन मीणा, महेंद्र मीणा, केशवलाल पालिया और विपिन मीणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुकेश सुथार ने किया, जबकि आभार मुख्य पर्यवेक्षक लक्ष्मण लाल आहारी ने ज्ञापित किया।
प्रतियोगिता में जिले की 68 टीमों के 800 बालक-बालिकाएं भाग ले रहे हैं। जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला है।