तस्वीर में ऋषभदेव थाना दिखाया गया है, जहां भीलवाड़ा के दंपती के साथ हुई लूट की वारदात को लेकर बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

ऋषभदेव थाना क्षेत्र के पिपली बी में काले रंग की पल्सर 220 बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक दंपती को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर रुकवाया और चाकू दिखाकर महिला के गले से सोने के दो मंगलसूत्र और एक सोने का मादलिया लूटकर फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीलवाड़ा जिले के आसींद निवासी सावंरिया लाल लुहार (40) पुत्र नारायण लाल लुहार ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 18 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे वह अपनी पत्नी डाली देवी के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। इसी दौरान काले रंग की पल्सर 220 बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर रुकवा दिया। इसके बाद बदमाशों ने चाकू दिखाकर डाली देवी के गले में पहने सोने के दो मंगलसूत्र लूट लिए। इन मंगलसूत्रों का वजन करीब दो तोला बताया गया है। बदमाश एक सोने का मादलिया भी लूटकर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित सावंरिया लाल लुहार के अनुसार, तीनों बदमाशों ने अपने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। उनकी बाइक पर नीले रंग की पट्टियां लगी हुई थीं। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से भाग निकले।

पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी हेमंत अहारी के निर्देशन में मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक रणजीत कुमार कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है।

Tags: