कोटा में शरद पूर्णिमा के अवसर पर जैन धर्म के तीन महान संतों के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में जरूरतमंदों के लिए मानव सेवा अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जे.के. लोन अस्पताल, नयापुरा, महाराव भीम सिंह अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और शहर की कच्ची बस्तियों में 3100 भोजन पैकेट वितरित किए जाएंगे। जनसहयोग से होने वाला यह सेवा कार्य जैन धर्म के प्रमुख सिद्धांत ‘जियो और जीने दो’ पर आधारित है।

जिनेंद्र पापड़ीवाल और महेश गंगवाल ने राष्ट्र गौरव पारस जैन ‘पार्श्वमणि’ पत्रकार को जानकारी देते हुए बताया कि परम पूज्य समाधिस्थ श्री विद्यासागर जी महामुनिराज, आचार्य श्री समय सागर जी महाराज एवं गणिनी आर्यिका ज्ञानमति माताजी का अवतरण दिवस शरद पूर्णिमा के दिन है। इसी अवसर पर कोटा शहर में जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान चलाया जाएगा।

आयोजन के तहत एक भोजन पैकेट के लिए सहयोग राशि 40 रुपये निर्धारित की गई है। जो भी महानुभाव अपने परिवार की ओर से इच्छानुसार भोजन पैकेट वितरित करवाना चाहते हैं, वे 9001977745 और 9413276070 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

विगत 35 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे पारस जैन ‘पार्श्वमणि’ ने बताया कि पिछले सात वर्षों से यह सेवा कार्य इसी प्रकार निरंतर चल रहा है। शरद पूर्णिमा पर आयोजित होने वाला यह अभियान जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने के लिए जनसहयोग से संचालित किया जाएगा।

Tags: