तस्वीर में पुलिस अधिकारी हॉल में छात्राओं को आत्मरक्षा के दांव-पेच सिखाती हुई।   

फतहनगर। राजकीय महाविद्यालय मावली में राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में सत्र 2026–27 के लिए रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना, आपातकालीन परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार करना और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

प्रशिक्षण के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेश चंद्र तिवारी ने की। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं का बचाव करना सीखने, मानसिक मजबूती विकसित करने और तुरंत निर्णय लेने की क्षमता बढ़ाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सुरक्षा उपकरणों, जैसे सेफ्टी पिन और स्प्रे आदि के स्मार्ट इस्तेमाल की जानकारी भी दी।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राजस्थान पुलिस की कालीका पेट्रोलिंग टीम उदयपुर की सदस्य मंजू मीणा, बेल्ट नंबर 2960 तथा प्रियंका हिरत, बेल्ट नंबर 2879 द्वारा दिया जाएगा। महाविद्यालय की महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. पीनल जैन ने बताया कि 24 दिन की यह ट्रेनिंग पूर्णतः निःशुल्क है। प्रशिक्षण के दौरान सभी छात्राओं को प्रतिदिन स्वादिष्ट नाश्ता भी दिया जाएगा।

कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने पर महाविद्यालय की ओर से छात्राओं को आधिकारिक 'सर्टिफिकेट' प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के अवसर पर वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. नागेंद्र सिंह सोलंकी, श्रीमती भारती चौहान, श्रीमती नीलम चौधरी, डॉ. राखी धरवाल समेत समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को आत्मरक्षा के साथ मानसिक मजबूती और आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान करेगा।

Tags: