तस्वीर में खेरवाड़ा के घाटी गांव स्थित समाज भवन में आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर बैठक करते पटेल समाज के पदाधिकारी और सदस्य दिखाई दे रहे हैं।

खेरवाड़ा में पटेल समाज खड़क चौखला शाखा-1 की बैठक में आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर राजनीतिक भागीदारी पर बड़ा निर्णय लिया गया। समाज भवन गोडवा ग्राम पंचायत घाटी में समाज अध्यक्ष दिनेश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समाज की राजनीतिक एवं संगठनात्मक भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में समाज पदाधिकारियों ने कहा कि अब तक भाजपा और कांग्रेस दोनों राजनीतिक दलों ने पटेल समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। उनका कहना था कि मंडल स्तर से लेकर राज्य स्तर तक पटेल समाज को उसकी योग्यता एवं जनसंख्या के अनुरूप राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर उचित भागीदारी नहीं दी गई है।

वक्ताओं ने कहा कि कम जनसंख्या वाले समाजों के लोगों को महत्वपूर्ण पद दिए जा रहे हैं, जबकि पटेल समाज की लगातार अनदेखी की जा रही है। बैठक में समाज की राजनीतिक भागीदारी को लेकर स्पष्ट रणनीति बनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी चुनाव में जो भी राजनीतिक दल पटेल समाज को उसकी योग्यता एवं जनसंख्या के अनुरूप राजनीतिक तथा संगठनात्मक स्तर पर उचित भागीदारी और सहयोग देगा, समाज उसी का समर्थन करेगा। वहीं, यदि दोनों प्रमुख राजनीतिक दल समाज की मांगों एवं भागीदारी को नजरअंदाज करते हैं तो आगामी बैठक में समाज की महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें समाज की पसंद के उम्मीदवार को मैदान में उतारकर उसका समर्थन करने पर निर्णय लिया जाएगा।

पंचायती राज चुनाव में भाजपा एवं कांग्रेस के बहिष्कार को लेकर भी बैठक में निर्णय लिया गया। समाज पदाधिकारियों ने कहा कि समाज अब राजनीतिक रूप से जागरूक होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा और सम्मानजनक प्रतिनिधित्व नहीं मिलने पर दोनों दलों के खिलाफ सामूहिक निर्णय लिया जाएगा।

बैठक में गौतमलाल, भगवतीलाल, थाना रूपलाल, धूलेश्वर घाटी, धूलचंद, कांतिलाल नगर, राकेश पटेल सरेरा, सोमालाल, कुरीलाल डेंचरा, भगवती थाना, रतनलाल, बाबूलाल, हीरालाल, हकरालाल करावाड़ा, प्रभुलाल, बाबूलाल डेरी सहित समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Tags: