तस्वीर में बाईं ओर दशां मां की श्रृंगारित प्रतिमा और दाईं ओर कटेवड़ी गांव के मंदिर में भजन-कीर्तन करती महिलाएं दिखाई दे रही हैं।

खेरवाड़ा के कटेवड़ी गांव में माताजी मंदिर पर गांव की समस्त महिलाओं द्वारा दूसरी बार दशां मां की प्रतिमा स्थापित की गई। हरियाली अमावस्या के शुभ मुहूर्त में विधिवत प्रतिमा स्थापना के बाद पूरे गांव में धार्मिक और भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

मंदिर पुजारी जसुदेवी पानेरी ने बताया कि प्रतिदिन सुबह दशां मां का फूलों और नई-नई पोशाकों से आकर्षक श्रृंगार कर पूजा-अर्चना की जाती है। सुबह-शाम आरती के साथ रात्रि में गांव की महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन एवं गरबा रास का आयोजन किया जा रहा है। महिला मंडल के सानिध्य में रोजाना रात्रि भजनों की अनुपम प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। इन प्रस्तुतियों पर ग्रामवासी और छोटे-छोटे बच्चे झूमते हुए भजन-कीर्तन का आनंद ले रहे हैं।

शुक्रवार शाम गांव की समस्त महिलाओं द्वारा दशां मां को 301 लड्डुओं का भोग अर्पित किया गया। इसके बाद ग्रामवासियों ने रात्रि जागरण कार्यक्रम में भाग लिया। प्रतिमा स्थापना के बाद से पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

शनिवार, 22 अगस्त को शुभ मुहूर्त में समस्त ग्रामवासियों की उपस्थिति में दशां मां की प्रतिमा का गोदावरी धाम एनिकट पर विसर्जन किया जाएगा। प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन तक गांव में धार्मिक आयोजन और भक्ति कार्यक्रम जारी हैं।

Tags: