ओगणा कस्बे में गुरुवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकानों के शटर तोड़कर नकदी, चांदी के आभूषण, सोने के जेवर और किराना सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मुख्य बाजार स्थित भवानी ज्वेलर्स तथा नए बस स्टैंड मार्ग पर स्थित बाणेश्वरी ज्वेलर्स के शटर तोड़कर चोरी की गई। वहीं, ओगणा बाग के समीप स्थित एक किराना दुकान को भी निशाना बनाया गया, जहां से नकदी और किराना सामग्री चोरी कर ली गई।

शुक्रवार सुबह सूचना मिलते ही ओगणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अधिकारी रामरूप मीणा के नेतृत्व में पुलिस ने तीनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया और पीड़ित व्यापारियों से घटना की जानकारी जुटाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने फिंगर प्रिंट सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

थाना अधिकारी रामरूप मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एक ज्वेलरी दुकान से करीब 1 किलो चांदी के आभूषण और 5 ग्राम सोने के जेवर चोरी होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने कस्बे में रात्रि गश्त बढ़ाने, प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा चोरी की वारदातों पर शीघ्र अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश के प्रयास जारी हैं।

Tags: