घरेलू हिंसा की शिकायत, साइबर ठगी का मामला या किसी बच्चे और बुजुर्ग को तत्काल सहायता की जरूरत होने पर अब अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर याद रखने की परेशानी खत्म होगी। केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने सात प्रमुख हेल्पलाइन सेवाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोड़ते हुए मिशन शक्ति ऐप तैयार किया है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन ने बताया कि इस ऐप का उद्देश्य संकट के समय लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कई बार लोग यह तय नहीं कर पाते हैं कि किसी समस्या के समाधान के लिए किस हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जाए। मिशन शक्ति ऐप के माध्यम से अब सभी प्रमुख सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

यह सुविधा विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, छात्राओं, कामकाजी महिलाओं, अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों और अभिभावकों के लिए उपयोगी मानी जा रही है। घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, मानसिक तनाव, बाल संरक्षण या आपात स्थिति में अब अलग-अलग नंबर तलाशने के बजाय इसी ऐप के जरिए सहायता प्राप्त की जा सकेगी।

पारस जैन ने बताया कि जानकारी की कमी के कारण अक्सर लोग यह नहीं समझ पाते हैं कि किसी समस्या के लिए कौन सी हेल्पलाइन सेवा उपयोग करनी है। एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सेवाओं को उपलब्ध कराने से यह सुविधा अधिक प्रभावी साबित होगी।

मिशन शक्ति ऐप पर सात प्रमुख हेल्पलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें 181 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1515 पोषण एवं मातृ वंदना योजना, 15100 विधिक सेवा प्राधिकरण की कानूनी सहायता और 14416 टेली- मानस मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन शामिल हैं।

एक ही प्लेटफॉर्म पर इन सेवाओं के जुड़ने से जरूरतमंद लोगों को संकट की स्थिति में सही सहायता तक पहुंचने में आसानी होगी और हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग अधिक सरल बनाया जा सकेगा।

Tags: