तस्वीर में ग्रामीण लुणावतो का खेड़ा क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग को लेकर चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं.

ग्राम पंचायत लुणावतो का खेड़ा के ग्रामीण करीब 40 वर्षों से सड़क निर्माण की मांग को लेकर इंतजार कर रहे हैं। पंचायत के मुख्य मार्ग से कमदी घाटी होते हुए चिकनीगार तक करीब 5 किलोमीटर रास्ता आज भी पक्का नहीं हो पाया है। ग्रामीणों के अनुसार हर चुनाव में नेताओं की ओर से सड़क निर्माण के वादे किए जाते हैं, लेकिन अब तक सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ।

बारिश के मौसम में कच्चे रास्ते के कारण ग्रामीणों की परेशानी बढ़ जाती है। स्कूल जाने वाले बच्चों को आवागमन में दिक्कत होती है। गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को मुख्य मार्ग तक पहुंचाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार रास्ते की परेशानी के कारण गंभीर परिस्थितियां भी सामने आई हैं।

ग्रामीण शिव शंकर कसौटा ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन दिए जा चुके हैं। करीब एक वर्ष पहले मंत्री जी को भी सड़क की समस्या से अवगत करवाकर ज्ञापन दिया गया था। इसके अलावा एसडीएम और तहसीलदार को भी कई बार ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से लुणावतो का खेड़ा मुख्य मार्ग से कमदी घाटी होते हुए चिकनीगार तक करीब 5 किलोमीटर सड़क का निर्माण जल्द करवाने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क बनने से बारिश के दिनों में बच्चों, मरीजों, गर्भवती महिलाओं और आम ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिल सकेगी।

Tags: