मेवाड़ा प्रजापत प्रीमियर लीग: झाड़ोल में क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू
मगवास खेल मैदान पर शुरू हुए तीन दिवसीय टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में लीशा 11 ने भेरूनाथ क्लब गोराणा को 2 रन से हराया।
झाड़ोल। मेवाड़ा प्रजापत समाज की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता मेवाड़ा प्रजापत प्रीमियर लीग सीजन-5 का शुभारंभ शनिवार को मगवास खेल मैदान पर हुआ। उद्घाटन मुकाबले में लीशा 11 ने भेरूनाथ क्लब गोराणा को कड़े मुकाबले में 2 रन से हराकर प्रतियोगिता में जीत के साथ शुरुआत की।
आयोजन समिति के पंकज प्रजापत ने बताया कि प्रतियोगिता में झालावाड़, वाकल और भाडेर चौखला की कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। तीन दिवसीय इस आयोजन का पहला मुकाबला भेरूनाथ क्लब गोराणा और लीशा 11 के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में लीशा 11 ने अंतिम समय तक मुकाबले में बढ़त बनाए रखते हुए 2 रन से जीत हासिल की।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में जनजाति विकास कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं मेवाड़ा प्रजापत समाज के संरक्षक पूनमचंद कुम्हार, वरिष्ठ प्रतिनिधि मोहनलाल, चम्पालाल, पन्नालाल, चुन्नीलाल और भेरूलाल सहित युवा मंडल अध्यक्ष रमेशचंद एवं कार्यकारिणी सदस्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संयोजन आयोजक मंडल के दीपक आरओ, पंकज, हितेश, भरत और मोहन ने किया। मंच संचालन पंकज प्रजापत ढीमड़ी ने किया। मगवास खेल मैदान पर शुरू हुई इस प्रतियोगिता में झालावाड़, वाकल और भाडेर चौखला की आठ टीमें खिताब के लिए मुकाबला कर रही हैं।