भाटकी पंचायत कार्यालय में शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित सरपंच दिनेश मीणा नजर आ रहे हैं।

खेरवाड़ा। भाटकी ग्राम पंचायत में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने शपथ ग्रहण के साथ पंचायत की जिम्मेदारी संभाल ली। नवनिर्वाचित सरपंच दिनेश मीणा, उप सरपंच एवं सभी वार्ड पंचों का शपथ ग्रहण एवं पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उप सरपंच पीपली देवी सहित सभी नवनिर्वाचित वार्ड पंचों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने दायित्वों का निर्वहन शुरू किया।

समारोह में वार्ड पंच चंदूलाल अहारी, रेखा पटेल, शांतिलाल पटेल, सविता देवी, शांतिलाल गरासिया एवं सुभाष गरासिया ने भी पदभार ग्रहण किया। नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के पंचायत की जिम्मेदारी संभालने के अवसर पर ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मणिलाल पटेल (फुटाला), बच्चूसिंह गरासिया, रमेश कोठारी, विक्रांत कोठारी एवं जयंतीलाल पटेल सहित ग्रामीणजन मौजूद रहे। अतिथियों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए ग्राम पंचायत के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने तथा गांव के सर्वांगीण विकास के लिए आपसी समन्वय के साथ मिलकर कार्य करने का विश्वास दिलाया। शपथ ग्रहण एवं पदभार ग्रहण के साथ भाटकी ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने अपनी जिम्मेदारियों की औपचारिक शुरुआत की।

Tags: