उदयपुर: गोगुन्दा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 94 किलो डोडा चूरा जब्त
24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग जगहों पर हुई कार्रवाई में पुलिस ने तस्करों की ब्रेजा और आई-10 कार भी जब्त की है।
उदयपुर जिले के गोगुन्दा क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो बड़ी कार्रवाई करते हुए 94 किलो 450 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ब्रेजा और हुंडई आई-10 कार को जब्त किया है। दोनों मामलों में आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार एएसपी मुकुल शर्मा और वृत्ताधिकारी छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रवीण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई 14 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे नेशनल हाईवे-27 पर उदयपुर-पिण्डवाड़ा रोड स्थित बायण माता कट पर की गई। यहां पुलिस टीम नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान ग्रे रंग की ब्रेजा कार नंबर RJ 20 CE 6911 तेज रफ्तार से आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने नाकाबंदी तोड़ दी और कार लेकर पिण्डवाड़ा की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क पर स्टॉप स्टिक बिछा दी, जिससे कार के टायर पंचर हो गए। इसके बावजूद चालक ने कार नहीं रोकी और उसे सर्विस रोड पर भगाता रहा। पुलिस ने पीछा किया तो चालक गणेशजी गुड़ा से आगे मोड़ी रोड के पास सुनसान स्थान पर कार छोड़कर खेतों और पहाड़ियों की ओर फरार हो गया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें रखे दो कट्टों से 48 किलो 730 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ।
दूसरी कार्रवाई सेमटाल गांव के आगे हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि सुनसान इलाके में एक संदिग्ध कार लावारिस हालत में खड़ी है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी मय पुलिस टीम मौके पर पहुंचे। वहां सफेद रंग की हुंडई आई-10 कार नंबर GJ 01 KN 1608 खड़ी मिली। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसकी डिक्की में रखे तीन कट्टों से 45 किलो 720 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ।
दोनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल 94 किलो 450 ग्राम अवैध डोडा चूरा और तस्करी में इस्तेमाल की गई दोनों कारें जब्त की हैं। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। दोनों घटनाओं में मौके से फरार हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले में अग्रिम अनुसंधान कर रही है।