बड़ला ग्राम पंचायत के पदभार ग्रहण समारोह में बैठे हुए ग्रामीण और अतिथि दिख रहे हैं।

खेरवाड़ा। ग्राम पंचायत बड़ला में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में सरपंच टीना मीणा ने पंचायत क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण संकल्प व्यक्त किए। उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों की सुविधा के लिए डिजिटल लाइब्रेरी खोलने और जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क आवासीय पट्टे जारी करने की घोषणा की।

समारोह की अध्यक्षता नवनिर्वाचित सरपंच टीना मीणा ने की। मुख्य अतिथि व्यापार महासंघ खेरवाड़ा के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश चंद्र कलाल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में आकार कॉलेज के सीईओ दिनेश जैन, पूर्व प्रधानाचार्य लक्ष्मण राम भगोरा, गोदावरी धाम निर्माण समिति के अध्यक्ष भरत कलाल, भाजपा मंडल खेरवाड़ा उपाध्यक्ष बदामी लाल सुथार, समाजसेवी नाथूलाल मीणा, कांग्रेस युवा नेता रवि भावा, नरेंद्र व्यास, राकेश जैन, मुकेश नाकोड़ा एवं राजेश उपाध्याय उपस्थित रहे।

समारोह में बड़ला पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच एवं सभी वार्ड पंचों का स्वागत-अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर तथा पगड़ी एवं शाल भेंटकर नई कार्यकारिणी का सम्मान किया।

कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि दिनेश जैन, लक्ष्मण राम भगोरा, रवि भावा, सरपंच टीना मीणा एवं मुख्य अतिथि प्रकाश चंद्र कलाल ने संबोधित किया। वक्ताओं ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए पंचायत के सर्वांगीण विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस दौरान सरपंच टीना मीणा ने ग्रामीणों को साथ लेकर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्य करवाने और सभी का सहयोग लेने का भरोसा दिलाया। उन्होंने पूर्व कार्यकाल के अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने का संकल्प जताया। इसके साथ ही युवाओं एवं विद्यार्थियों के लिए डिजिटल लाइब्रेरी खोलने तथा जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क आवासीय पट्टे जारी करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि सरपंच टीना मीणा ने पूरी खेरवाड़ा पंचायत समिति में सर्वाधिक 905 मतों से जीत दर्ज कर रिकॉर्ड स्थापित किया है। उनके परिवार द्वारा पिछले 27 वर्षों से सरपंच पद की कमान संभाली जा रही है।

समारोह का संचालन गौतम लाल ने किया। नवनिर्वाचित सरपंच के परिजन महेंद्र मीणा एवं दिनेश मीणा ने उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों एवं ग्रामीणों के लिए स्वामी वात्सल्य का आयोजन किया गया। समारोह में बड़ला एवं खेरवाड़ा पंचायत क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण एवं मौतबीर उपस्थित रहे।

Tags: