कोटा के विज्ञान नगर में आयोजित बैठक के दौरान आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के साथ दिगंबर जैन समाज के सदस्य दिख रहे हैं।   

कोटा। संसार में शरीर और भोग के माध्यम से मिलने वाला सुख केवल क्षणिक होता है और अंततः नाशवान है। इच्छाओं और आकांक्षाओं के कारण ही कर्मों का बंधन होता है, जबकि सेवा और तप से प्राप्त शक्ति ही वास्तविक सुख का मार्ग प्रशस्त करती है और कर्मों की निर्जरा में सहायक होती है। ये विचार परम पूज्य आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ने विज्ञान नगर में आयोजित सिद्ध चक्र महामंडल विधान के दौरान व्यक्त किए।

माताजी ने कहा कि पांचों इंद्रियों के माध्यम से जो कुछ भी ग्रहण किया जाता है, वह भोग कहलाता है। भोग से मिलने वाला सुख क्षणिक होता है और सदैव नाशवान रहता है। इच्छाओं और आकांक्षाओं के कारण ही जीव कर्मों के बंधन में बंधता है। इसके विपरीत सेवा और तप से प्राप्त शक्ति के माध्यम से सच्चे सुख की अनुभूति होती है तथा कर्मों की निर्जरा होती है।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पीके हरसोरा ने पारस जैन 'पार्श्वमणि' को बताया कि सिद्ध चक्र महामंडल विधान के अंतर्गत सोमवार को 512 अर्घ्य समर्पित किए गए।

वहीं, 22 नवंबर को आचार्य शांति सागर महाराज का आचार्य पदारोहण दिवस भव्यता से मनाने के संबंध में आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के सानिध्य में सकल दिगंबर जैन समाज कोटा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में महामंत्री पदम बडला, नरेश वेद, विनोद टोरड़ी, विमल नान्ता, जेके जैन, अनिल ठौरा, राकेश पाटोदी, यथार्थ पाटनी, रितेश सेठी और अनिल काला ने अपने विचार रखे।

इस अवसर पर टोरड़ी ने बताया कि आचार्य पदारोहण समारोह में समिति के अध्यक्ष हंसमुख गांधी के साथ महासमिति तथा महासभा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के आने की स्वीकृति प्राप्त हो गई है।

सिद्ध चक्र महामंडल विधान के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में समाज के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां और पुण्य लाभ प्राप्त हुए। पूज्य माताजी का पाद प्रक्षालन करने का सौभाग्य जेके जैन और पुष्पा जैन को मिला, जबकि राजकुमार सुबोध जैन को शास्त्र भेंट करने का अवसर प्राप्त हुआ। विनोद जैन टौरड़ी, विमल जैन नाता और राजमल पाटौदी को भी शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य मिला। महाआरती का पुण्य लाभ राजकुमार सुबोध जैन, नई धान मंडी को प्राप्त हुआ।

भक्तामर आराधना नव्या महिला मंडल, विज्ञान नगर की ओर से की गई। वहीं, शांतिधारा करने का सौभाग्य पदम संजय गोधा, प्रकाश अंकुश जैन आवा वाले, पदम हरसोरा, सुनील कासलीवाल, सुशील बिलाला, अरविंद पुष्पा जैन, राजकुमार पाटौदी, विमलचंद जैन, कमल कुमार गोधा, राकेश जैन बनियानी, विनोद ताथेड़िया और अनिल काला को प्राप्त हुआ।

महामंत्री अनिल ठौरा ने बताया कि सायंकाल इंद्रसभा का आयोजन किया गया। इसमें सभी इंद्रों ने प्रश्न किए, जिनका जवाब सौधर्म इंद्र द्वारा दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश जैन मडिया भी पहुंचे और उन्होंने आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी से आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम से जुड़ी समस्त जानकारी विगत 35 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे राष्ट्र गौरव पारस जैन 'पार्श्वमणि', पत्रकार आरके पुरम, कोटा ने उपलब्ध कराई।

Tags: