जयपुर के दिगंबर जैन मंदिर में अष्टान्हिका महापर्व पर सामूहिक अभिषेक के लिए खड़े बच्चे और पुरुष दिख रहे हैं।   

जयपुर। अष्टान्हिका महापर्व के अवसर पर गायत्री नगर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में पाठशाला के बालक-बालिकाओं ने पहली बार सामूहिक अभिषेक और पूजा विधान में भाग लिया। 22 नवंबर, रविवार को आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में 8 वर्ष से अधिक आयु के 30 से अधिक बालक-बालिकाओं ने विधानाचार्य पंडित अजीत शास्त्री, गायत्री नगर के निर्देशन में भक्तिभाव के साथ अभिषेक और पूजा संपन्न की।

अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन, जयपुर ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत बालक-बालिकाओं द्वारा सामूहिक अभिषेक से हुई। इसके बाद शांति धारा और सामूहिक पूजा का आयोजन किया गया। इस आयोजन में विपुल छाबड़ा एवं गौरव शाह ने विशेष सहयोग दिया। उन्होंने बताया कि महापर्व के दौरान मंदिर में प्रतिदिन श्रावक साहब द्वारा नंदीश्वर द्वीप की आराधना की जा रही है।

मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह ने बताया कि गायत्री नगर मंदिर में पाठशाला के बालक-बालिकाओं द्वारा महापर्व के अवसर पर सामूहिक अभिषेक और पूजा करने का यह पहला आयोजन है। उन्होंने कहा कि समाज में 8 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले बालक को मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सम्मानित किया जाता है।

इस अवसर पर अरुण शाह ने घोषणा की कि बालक-बालिकाओं के सामूहिक अभिषेक एवं पूजा का आयोजन अब प्रतिमाह किया जाएगा। उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर इस कार्यक्रम में अवश्य भेजें, ताकि वे धार्मिक गतिविधियों में भाग ले सकें।

कार्यक्रम के दौरान कैलाश मधु छावड़ा परिवार की ओर से सभी बालक-बालिकाओं को अल्पाहार कराया गया। वहीं, औवैय्या वृति महिला समूह ने बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए पारितोषिक प्रदान किए।

इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के मंत्री राजेश वोहरा, उपाध्यक्ष विजय सोगानी, संयुक्त मंत्री संजय ठोलिया, कोषाध्यक्ष राकेश छावड़ा, बसंत वकालीवाल, संतोष गंगवाल, राकेश पटौदी, पदम झांझरी, कैलाश छाबड़ा और अशोक विधान सभा वाले सहित सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से पाठशाला के बच्चों को सामूहिक धार्मिक गतिविधियों से जोड़ने की पहल की गई।

Tags: