बाड़ा पदमपुरा में होगा राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन, तैयारियों के लिए बनीं समितियां
| बाड़ा पदमपुरा में होने वाले राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन की तैयारियों को लेकर जयपुर में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की बैठक हुई। आयोजन के लिए समितियां गठित करने, आर्थिक सहयोग और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारी जयपुर स्थित विद्यालय में सम्मेलन की तैयारियों पर बैठक कर रहे हैं।
जयपुर। बाड़ा पदमपुरा में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन की तैयारियों को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। रविवार, 22 नवंबर को जयपुर के शहीद अभय पारीक राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में महासंघ की जयपुर संभाग की बैठक आयोजित हुई। इसमें सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए समितियां गठित करने और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जयपुर संभाग के अर्जुन सिंह जाट ने की। बैठक में आगामी प्रदेश सम्मेलन की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आयोजन को सफल बनाने की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने प्रदेश सम्मेलन की पूर्व तैयारियों में सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने और निर्धारित समयावधि में अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आयोजन के लिए आवश्यक आर्थिक सहयोग एकत्र करने का कार्य संतोषजनक है और इसे 30 नवंबर तक पूरा किया जाना है। उन्होंने प्रदेश के सभी दायित्ववान कार्यकर्ताओं से कम से कम एक दिन प्रवास पर बिताने का भी आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री महेंद्र लखारा ने सम्मेलन की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सामूहिक भावना के साथ कार्ययोजना तैयार कर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा। साथ ही सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार व्यवस्थाओं का संचालन करने पर जोर दिया।
अतिरिक्त प्रदेश महामंत्री बसन्त जिन्दल ने 15 नवंबर को प्रदेशभर में आयोजित जिला स्तरीय महिला सम्मेलनों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जयपुर संभाग के जिला मंत्रियों से कार्यक्रमों को लेकर फीडबैक लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
सम्मेलन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न समितियों और कार्यदलों के गठन पर भी चर्चा हुई। इनके तहत टेंट-पांडाल, आवास, भोजन निर्माण, भोजन वितरण, एलईडी एवं माइक व्यवस्था, यातायात, पंजीयन, बैठक व्यवस्था, स्वच्छता और जल व्यवस्था जैसी जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।
बैठक का संचालन संभाग संयुक्त मंत्री मेघराज शर्मा ने किया। इस दौरान आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। निर्णय के अनुसार अगली आभासी बैठक 30 नवंबर को आयोजित होगी, जबकि इसके बाद 13 दिसंबर को सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बैठक होगी। इन बैठकों के माध्यम से सम्मेलन की व्यवस्थाओं और कार्यकर्ताओं को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा की जाएगी।