खेरवाड़ा पुलिस की तीन कार्रवाई, अस्पताल-स्कूल के पास तंबाकू बिक्री और हथकड़ शराब परिवहन पर केस दर्ज
| खेरवाड़ा में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ तीन कार्रवाई करते हुए धूम्रपान निषेध अधिनियम के तहत दो और राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया है। जानिए किन तीन लोगों के खिलाफ हुई कार्रवाई।
खेरवाड़ा। खेरवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धूम्रपान निषेध अधिनियम के तहत दो और राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत एक प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने सरकारी अस्पताल एवं विद्यालय के पास धूम्रपान सामग्री बेचने और अवैध हथकड़ शराब का परिवहन करने के मामलों में तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
थाना अधिकारी मनमंथ आढ़ा के निर्देशन में की गई पहली कार्रवाई में 22 नवंबर को हेड कांस्टेबल सुशीला ने सरकारी अस्पताल के पास धूम्रपान सामग्री बेचने के आरोप में मोगीया बस्ती, खेरवाड़ा निवासी कुरिचंद पुत्र बाबूलाल (43) के खिलाफ धूम्रपान निषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। मामले की जांच हेड कांस्टेबल गिरधारी कर रहे हैं।
दूसरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक वाल चंद्र ने कोजावाड़ा क्षेत्र में सरकारी विद्यालय के पास धूम्रपान सामग्री बेचने के मामले में कोजावाड़ा घाटा फला निवासी राजू पुत्र हुंका जी मीणा (37) के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। इस मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक ईश्वरचंद को सौंपी गई है।
वहीं, तीसरी कार्रवाई में हेड कांस्टेबल हितेश कुमार ने बायड़ी क्षेत्र में अवैध हथकड़ शराब अपने कब्जे में रखकर उसका परिवहन करने के मामले में बायड़ी निचला फला निवासी शातिलाल पुत्र रामूलाल मीणा (30) के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार, तीनों मामलों में नियमानुसार जांच और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। सरकारी अस्पताल एवं विद्यालय के आसपास तंबाकू सामग्री की बिक्री और अवैध शराब के परिवहन से जुड़े इन मामलों में पुलिस की कार्रवाई जारी है।