मौसमी फ्लू के बढ़ते खतरे के बीच स्वास्थ्य विभाग की अपील, संक्रमण से बचाव के लिए बरतें सावधानी
खेरवाड़ा में मौसमी फ्लू से बचाव को लेकर स्वास्थ्य अधिकारियों ने सतर्कता बरतने की अपील की, जानें संक्रमण रोकने के जरूरी उपाय।
खेरवाड़ा, बदलते मौसम में मौसमी फ्लू के संक्रमण की संभावना को देखते हुए ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण मीणा एवं नयागांव ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निकुंज कलासुआ ने आमजन से सतर्कता बरतने और संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।
चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि मौसमी फ्लू के लक्षणों में सर्दी-जुकाम, खांसी, छींक, बुखार, गले में खराश तथा शरीर में दर्द आदि शामिल हो सकते हैं। संक्रमण की रोकथाम के लिए भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने, खांसते या छींकते समय मुंह-नाक को ढकने, पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ पीने तथा आंख, नाक और मुंह को बार-बार छूने से बचने की सलाह दी गई है।
उन्होंने कहा कि हाथ मिलाने अथवा नजदीकी संपर्क से बचें और सार्वजनिक स्थानों पर न थूकें। बुखार एवं बदन दर्द होने पर चिकित्सकीय सलाह के अनुसार ही दवा लें तथा बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक या अन्य दवाओं का सेवन नहीं करें।
चिकित्सा विभाग ने आमजन से अपील की कि “स्वस्थ रहें, सुरक्षित रहें और सतर्क रहें” की भावना के साथ स्वयं भी सावधानी बरतें तथा परिवार और आसपास के लोगों को भी मौसमी फ्लू से बचाव के प्रति जागरूक करें। बदलते मौसम में संक्रमण से बचाव के लिए व्यक्तिगत सावधानी और जागरूकता को महत्वपूर्ण बताया गया है।