खेरवाड़ा: सरेरा में ब्लॉक स्तरीय किशोरी मेला आयोजित, छात्राएं सम्मानित
नयागांव ब्लॉक के सरेरा में बाल विवाह रोकथाम और बालिका सशक्तिकरण को लेकर किशोरी मेला आयोजित हुआ, जिसमें छात्राओं को सम्मानित किया गया।
तस्वीर में सरेरा विद्यालय के मंच पर छात्रा को प्रशंसा पत्र और ट्रॉफी दी जा रही है।
खेरवाड़ा। बालिकाओं के सशक्तिकरण, उनके अधिकारों के संरक्षण एवं बाल विवाह की रोकथाम के उद्देश्य से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरेरा में नयागांव ब्लॉक स्तरीय किशोरी मेले का आयोजन किया गया। मेले में छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं विजेता छात्राओं को प्रतीक चिह्न एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संदर्भ व्यक्ति बलदेव दरंगा ने की, जबकि मुख्य अतिथि नयागांव एसीबीईओ कल्पेश मीणा रहे। मेले में प्रारंभिक शिक्षा वर्ग में कक्षा 1 से 8वीं तथा माध्यमिक शिक्षा वर्ग में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
चार्ट एवं मॉड्यूल प्रतियोगिता में राउप्रावि खराड़ीवाड़ा की छात्रा दीया पछोला तथा कविता वर्ग में कुंतल गरासिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय आड़ीवली की जीनल लबाना ने भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।
निबंध प्रतियोगिता में राबाउमावि थाना की प्राची पटेल प्रथम तथा राउमावि जायरा की लक्षिता कुमारी द्वितीय स्थान पर रही। वरिष्ठ वर्ग की कविता प्रतियोगिता में राउमावि पाटिया की रविना कुमारी पांडोर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को अतिथियों ने प्रतीक चिह्न एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
इससे पूर्व छात्राओं ने विद्यालय से सरेरा मुख्य बस स्टैंड तक बैंडबाजे के साथ रैली निकाली। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि आरपी मनीष गरासिया, अति विशिष्ट अतिथि डेरी प्रिंसिपल मोनिका डामोर, प्रेम नारायण गामोठ, दिनेश कुमार शर्मा सहित ब्लॉक के विद्यालयों के प्रभारी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। संचालन शांतिलाल मीणा ने किया।
किशोरी मेले में प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और बालिका सशक्तिकरण, अधिकार संरक्षण तथा बाल विवाह रोकथाम से जुड़े उद्देश्य को कार्यक्रम के केंद्र में रखा गया।