खेरवाड़ा की समस्याओं पर मंथन, हाईवे जाम और अतिक्रमण रोकने को लेकर व्यापारियों ने उठाई मांग
खेरवाड़ा पुलिस थाने में उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एलिवेटेड रोड निर्माण, जाम और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याओं पर मंथन किया गया।
खेरवाड़ा पुलिस थाना परिसर में उपखंड अधिकारी निलेश कुमार कलाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भाग लेते अधिकारी, व्यापारी और शांति समिति के सदस्य
खेरवाड़ा में कस्बे की विभिन्न समस्याओं और आगामी त्योहारों को देखते हुए बुधवार को पुलिस थाना परिसर में उपखंड अधिकारी निलेश कुमार कलाल की अध्यक्षता में व्यापारियों, सीएलजी सदस्यों, शांति समिति सदस्यों एवं पुलिस मित्रों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कस्बे के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में व्यापार महासंघ अध्यक्ष अमित कलाल और संरक्षक पारस जैन ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर एलिवेटेड रोड के निर्माण के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं को लेकर सुझाव रखे। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर होने वाले जाम को रोकने के लिए माकूल व्यवस्था करने, मार्ग पर अवैध अतिक्रमण और अवैध पार्किंग रोकने की मांग की। साथ ही नए बस स्टैंड को अतिक्रमण मुक्त करने, बस स्टैंड के सामने लोक परिवहन बसों की पार्किंग हटाने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की निर्बाध आवाजाही बनाए रखने के संबंध में भी सुझाव दिए।
बैठक में सीएलजी सदस्यों ने कस्बे की सब्जी मंडी को अस्थाई रूप से कृषि उपज मंडी परिसर के समीप स्थापित करने की मांग उठाई। इसके साथ ही पुराने बस स्टैंड परिसर को अतिक्रमण मुक्त करने तथा राणी-छाणी मोड़ को शीघ्र दुरस्त करने की मांग भी रखी गई।
उपखंड अधिकारी निलेश कुमार कलाल ने बैठक में उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए उचित एवं माकूल व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। बैठक में पुलिस उप अधीक्षक अर्जुन सिंह, थानाधिकारी मनमथ आढा, व्यापार महासंघ संरक्षक पारस जैन, अध्यक्ष अमित कलाल, खेरवाड़ा प्रशासिका लक्ष्मी देवी आहारी, राष्ट्रीय राजमार्ग के प्राधिकरण के प्रतिनिधि भावेश पटेल, सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, व्यापार महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रेमचंद कलाल, पूर्व उप प्रधान मुमताज कुरेशी, मुस्लिम समाज के सदर गुड्डू भाई, दीता लाल पटेल, मुकेश पटेल, गौरव वाधवानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, सीएलजी सदस्य एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में थाना अधिकारी मनमथ आढा ने सभी का आभार ज्ञापित किया। आगामी त्योहारों और राष्ट्रीय राजमार्ग पर एलिवेटेड रोड निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर हुई यह बैठक कस्बे की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन, पुलिस और व्यापारियों के बीच समन्वय का महत्वपूर्ण माध्यम बनी।