खेरवाड़ा: जीजीएचएसएस में किशोरी एवं बाल सशक्तिकरण शिविर आयोजित
पोस्टर व मॉडल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को मिला सम्मान, मुख्य शिक्षा अधिकारी रहे उपस्थित।
तस्वीर में विद्यालय में आयोजित प्रदर्शनी के दौरान छात्र-छात्राओं और अतिथियों को चार्ट मॉडल देखते हुए दिखाया गया है।
खेरवाड़ा स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में किशोरी एवं बाल सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को बालिका एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी ज्योति प्रकाश पटेल रहे। अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य संतोष मीणा ने की। इस अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेरवाड़ा के प्रधानाचार्य बाबूलाल सालवी, वाइस प्रिंसिपल देवेंद्र कुमार शाह सहित विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान छात्राओं में जागरूकता एवं रचनात्मकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न विद्यालयों की बालिकाओं के लिए पोस्टर एवं मॉडल प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्राओं ने प्रतियोगिता में भाग लेकर पोस्टर एवं मॉडल प्रस्तुत किए। अतिथियों और विद्यालय की प्रधानाचार्य संतोष मीणा ने प्रतियोगिता में प्रस्तुत मॉडल एवं चार्ट का अवलोकन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं सहयोगकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में संस्था प्रधान संतोष मीणा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।