कानोड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रिक्त पदों पर चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन देते हुए स्थानीय ग्रामीण।   

कानोड़ तहसील और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों और कार्मिकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री के नाम तहसीलदार कानोड़ को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की कमी दूर करने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

ज्ञापन में बताया गया कि कानोड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों और कार्मिकों के कई पद रिक्त पड़े हैं। इन पदों पर नियुक्तियां कर नगर सहित आसपास के गांवों के मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिलाओं के रोगों के निदान के लिए महिला चिकित्सक उपलब्ध नहीं है। वहीं, बच्चों के उपचार के लिए बालरोग विशेषज्ञ भी नहीं है।

ज्ञापन के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डिलीवरी करवाने की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होने के बावजूद सुविधाओं के अभाव में मरीजों को भीण्डर या फिर 80 किलोमीटर दूर स्थित जिला मुख्यालय भेजा जाता है। इससे मरीजों के परिजनों का समय और पैसा बर्बाद हो रहा है।

लोगों ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने से नगर सहित आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अनुभवी और विशेषज्ञ चिकित्सकों के नहीं होने तथा स्त्री एवं बालरोग विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। परिजनों को बुजुर्ग महिला-पुरुषों के उपचार के लिए दर-दर भटकना पड़ता है। इससे समय और पैसों की बर्बादी के साथ मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि सात दिनों में उचित कार्रवाई नहीं की गई और चिकित्सकों की नियुक्तियां नहीं की गईं तो शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ऐसे में कानोड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रिक्त पदों पर नियुक्ति और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन के समक्ष अपनी मांग स्पष्ट रूप से रखी है।

Tags: