रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए डाक विभाग ने आमजन की सुविधा के लिए 23 अगस्त 2026, रविवार को भी खेरवाड़ा उपडाकघर में विशेष राखी बुकिंग काउंटर संचालित करने का निर्णय लिया है। इस काउंटर पर दोपहर 3 बजे तक राखी बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

पोस्टमास्टर रमेश कुमार मेघवाल ने बताया कि विशेष काउंटर के माध्यम से देश की सीमा पर तैनात सैनिक भाइयों के लिए 56 एपीओ के नाम से राखी बुक करवाई जा सकेगी। इसके अलावा निजी पते तथा देश के विभिन्न स्थानों पर तैनात सैनिकों के नाम भी राखी भेजी जा सकती है।

रक्षाबंधन के अवसर पर राखी मेल की बुकिंग पर 10 प्रतिशत विशेष छूट दी जाएगी। राखी को सुरक्षित भेजने के लिए डाकघर में विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफे भी उपलब्ध करवाए गए हैं।

अवकाश के दिन भी विशेष बुकिंग काउंटर शुरू करने का उद्देश्य बहनों की राखियां समय पर देश की रक्षा में तैनात सैनिक भाइयों तक पहुंचाना है। डाक विभाग ने आमजन से अपील की है कि इस सुविधा का लाभ उठाकर समय पर राखी बुक करवाएं।

Tags: