खेरवाड़ा में कुक कम हेल्पर संघर्ष समिति की ओर से 24 से 26 अगस्त तक आयोजित तीन दिवसीय पड़ाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नयागांव, खेरवाड़ा एवं केसरियाजी ब्लॉक की टीमों ने विभिन्न पंचायतों में कुक कम हेल्परों से संपर्क कर तीनों दिन पोषाहार पकाना बंद कर परिवार सहित पड़ाव में शामिल होने की अपील की। संबंधित पीईईओ को इसकी लिखित सूचना भी दी गई।

समिति की हिना परमार ने बताया कि टीमों ने भोमटावाड़ा, डबायचा, कनबई, सरेरा, झाझरी, पाटिया, जायरा, पहाड़ा, असारीवाड़ा, थाना, डेरी, हरसावाड़ा एवं छाणी सहित विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क किया। वहीं धूलेव समिति के छबीलाल ने धूलेव क्षेत्र की पंचायतों में तथा खेरवाड़ा समिति की प्रेमलता ने परबिला, बंजरिया, बड़ला, कटेवड़ी, कारछा, जवास, झुन्थरी, सुवेरी, लराठी, बायड़ी, माल, सारोली, हिका, साबरून एवं बारौठी में संपर्क कर आमंत्रण पत्र सौंपे।

समिति के सलाहकार नाना भगत ने बताया कि 13,500 रुपए मासिक वेतन, समय पर मानदेय भुगतान, कुक कम हेल्परों को स्थायी करने, पेंशन-ग्रेच्युटी, पीएफ-ईएसआई, बीमा एवं अवकाश का लाभ देने सहित 15 सूत्रीय मांगों को लेकर पड़ाव आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मांगों में प्रत्येक 50 विद्यार्थियों पर एक कुक लगाने, अतिरिक्त कार्य का अतिरिक्त भुगतान करने, बकाया मानदेय चुकाने तथा जर्जर विद्यालय भवनों के लिए बजट आवंटित करने की मांग भी शामिल है। समिति के अनुसार तीन दिवसीय पड़ाव को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Tags: