तस्वीर में खेरोदा की सड़क पर पारंपरिक और आधुनिक कपड़ों में नजर आ रहे शिवभक्त हाथों में कावड़ और कलश थामकर कावड़ यात्रा के दौरान शामिल दिखाई दे रहे हैं।

सावन मास के पावन अवसर पर खेरोदा कस्बे में शनिवार को शिवभक्ति का उत्साह चरम पर नजर आया। गुलाबनगर से दौला बावजी मंडी तक भव्य कावड़ यात्रा धूमधाम और गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। यात्रा के दौरान ‘बोल बम-हर हर महादेव’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया।

कावड़ यात्रा गुलाबनगर से रवाना होकर मुख्य बस स्टैंड, सदर बाजार और गांधी चौक होते हुए दौला बावजी मंडी पहुंची। डीजे पर बज रही धार्मिक धुनों के बीच कावड़ियों ने जयकारे लगाए। यात्रा के मार्ग में ग्रामीणों और व्यापारियों ने जगह-जगह कावड़ियों का भव्य स्वागत किया।

दौला बावजी मंडी पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई।

केदारेश्वर धाम के लिए आज निकलेगी 13 किमी लंबी पदयात्रा

खेरोदा कस्बे से प्रसिद्ध तीर्थ स्थल केदारेश्वर महादेव (केदारिया) के लिए आज भव्य कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। लगभग 13 किलोमीटर लंबी यह यात्रा लगातार पांचवें वर्ष आयोजित की जा रही है। यात्रा डीजे और ढोल-नगाड़ों के साथ निकलेगी।

इस यात्रा में विशेष रूप से शामिल होने वाले अघोरी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजन समिति ने कावड़ियों की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग में जलपान, छाया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सावन के दौरान लगातार हो रहे इन धार्मिक आयोजनों से खेरोदा में शिवभक्ति का माहौल बना हुआ है।

Tags: