कातरवास कलां पंचायत क्षेत्र में सड़कों की बदहाली से ग्रामीण परेशान, आवागमन मुश्किल
कातरवास कलां पंचायत क्षेत्र की बदहाल सड़कों से ग्रामीण परेशान हैं। गड्ढों, कंकरीट और अधूरे कार्यों से आवागमन प्रभावित है।
तस्वीर में कातरवास कलां क्षेत्र की क्षतिग्रस्त और उखड़ी हुई सड़कें दिखाई दे रही हैं, जिन पर कंक्रीट फैली हुई है।
खेरवाड़ा तहसील की ग्राम पंचायत कातरवास कलां क्षेत्र में डामरीकरण और सीसी सड़कों की हालत बेहद खराब हो गई है। जगह-जगह बड़े गड्ढे, उखड़ी सड़कें, फैली कंकरीट और क्षतिग्रस्त दीवारों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई मार्गों की स्थिति ऐसी हो गई है कि गांवों के बीच संपर्क भी प्रभावित होने लगा है।
गांव काटवी से मेर फला-खोखरा बॉर्डर तक जाने वाली डामरीकरण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क पर फैली कंकरीट से पैदल राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। वहीं काटवी तालाब से राजकीय माध्यमिक विद्यालय होते हुए जाने वाली सीसी सड़क भी खस्ताहाल है। इससे विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गांव चौकी से घाटा गुजरात को जोड़ने वाली मुख्य सीसी सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। सड़क किनारे की दीवार भी गिरने की स्थिति में है। चौकी-काटवी से कानपुर को जोड़ने वाली सीसी और डामरीकरण सड़क खराब होने से ग्रामीणों को उपचार, किराणा और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए करीब 5 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
कातरवास से गुजरने वाली मुख्य सड़क कई पंचायतों को जोड़ती है और गुजरात की ओर जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। गत वर्ष सड़क निर्माण के दौरान खराब हिस्से को बाद में बनाने की बात कही गई थी, लेकिन वह हिस्सा अब तक अधूरा पड़ा है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
कातरवास से कानपुर पंचायत को जोड़ने वाली डामरीकरण एवं सीसी सड़क पर भी कीचड़ और बड़े गड्ढों के कारण बाइक और चारपहिया वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों को कई बार करीब 5 किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता है। सड़क किनारे की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
कातरवास से पानुड़ा जाने वाली सड़क भी गत वर्ष हुई तेज बारिश के बाद से खराब है। जगह-जगह कंकरीट और गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कातरवास भगोरिया फला से गतराली को जोड़ने वाली सड़क पर मिट्टी फैली हुई है। इससे वाहन फिसलने और दुर्घटना की स्थिति बनी हुई है। वहीं कातरवास मुख्य सड़क से पंचाल बस्ती तक गौरव पथ की सड़क किनारे की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
जागरूक युवा अमृत लाल कटारा एवं ग्रामीणों का कहना है कि सड़कों के बनने के बाद न तो कभी मरम्मत का काम हुआ और न ही कभी पेच वर्क किया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से क्षेत्र की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों का शीघ्र निरीक्षण कर मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य करवाने तथा अधूरे सड़क कार्यों को पूरा कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारू हो सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।