तस्वीर में मंदिर परिसर के भीतर हवन कुंड के पास आरती करते श्रद्धालु दिख रहे हैं।

खेरवाड़ा के प्रसिद्ध श्री बादेश्वर हनुमानजी मंदिर परिसर में सोमवार को धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण के बीच भव्य सुंदरकांड पाठ एवं पूजन का आयोजन हुआ। आयोजन पुष्पादेवी मीणा निवर्तमान प्रधान एवं देवीलाल मीणा परिवार की ओर से रखा गया।

आचार्य हेमेंद्र उपाध्याय के निर्देशन में विधि-विधान से पूजन एवं सुंदरकांड पाठ संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ कर भगवान हनुमानजी की आराधना की। पाठ के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्य यजमान देवीलाल मीणा एवं पुष्पा मीणा ने विधि-विधान के साथ पूर्णाहुति अर्पित की। इसके बाद महाआरती का आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर हनुमानजी के दर्शन किए और आरती का लाभ लिया।

मंदिर के पुजारी राहुल व्यास ने बताया कि महाआरती के पश्चात स्वामी वात्सल्य एवं महाप्रसाद का आयोजन किया गया। इसमें खेरवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

आयोजन में परिवारजनों, श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान सुंदरकांड पाठ, पूर्णाहुति, महाआरती और महाप्रसाद के साथ श्री बादेश्वर हनुमानजी मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।

Tags: