जवास के पास सोम नदी में नारायण मीणा का शव मिलने के बाद खेरवाड़ा पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के जवास स्थित सोम नदी में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव मिलने की सूचना पर खेरवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मृतक की पहचान सामितेड निवासी नारायण मीणा पुत्र जीवा डामोर (45 वर्ष) के रूप में की।

परिजनों के अनुसार, नारायण मीणा 11 तारीख से घर से लापता था। पिछले एक-दो दिनों से परिजन उसकी तलाश में इधर-उधर भटक रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसी बीच शनिवार सुबह सोम नदी में उसका शव होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

खेरवाड़ा थाना अधिकारी मनमंथ आढ़ा के निर्देशन में पुलिस जाब्ता घटनास्थल पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को खेरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की मोर्चरी में रखवाया गया। बाद में जवास के निवर्तमान सरपंच रमेश चंद्र मीणा और अन्य मोतबीर लोगों की उपस्थिति में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया गया।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए खेरवाड़ा थाना पुलिस अनुसंधान में जुटी है। सोम नदी में शव मिलने और युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर पुलिस जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।

Tags: