खेरवाड़ा: शांता देवी ट्रस्ट ने बालिकाओं को बांटे सेनेटरी नैपकिन
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भाणदा में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भाणदा में ट्रस्ट द्वारा बालिकाओं को सेनेटरी नैपकिन वितरित किए गए।
खेरवाड़ा में स्वर्गीय शांता देवी जैन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से उनकी पुण्यतिथि पर समाज सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भाणदा में अध्ययनरत कक्षा 11 एवं 12 की 40 बालिकाओं को सेनेटरी नैपकिन वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य प्रबंधन के प्रति जागरूक करना रहा।
ट्रस्ट कोषाध्यक्ष रिया जैन एवं सदस्य डॉक्टर आयुषी कोठारी के सानिध्य में तथा रमिला गरासिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को सेनेटरी नैपकिन वितरित किए गए। इस अवसर पर ट्रस्ट कोषाध्यक्ष रिया जैन ने ‘झिझक छोड़ो-चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो’ अभियान के तहत माहवारी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
रिया जैन ने माहवारी के दौरान होने वाली समस्याओं, उनके निराकरण तथा सैनिटरी पैड्स की उपयोगिता के बारे में बालिकाओं को जागरूक किया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को माहवारी से जुड़े विषयों पर झिझक छोड़कर खुलकर बात करने और स्वच्छता एवं स्वास्थ्य प्रबंधन के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में ट्रस्ट अध्यक्ष दिनेश जैन, महामंत्री हेमचंद लबाना, उपाध्यक्ष प्रतीक जैन, सदस्य बदामी लाल सुथार, दिलीप जैन एवं राजेश मेनारिया मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य शंकर लाल डामोर, सुरेश गरासिया, नितिन परमार, मनोज पारगी सहित विद्यालय के स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।