अवैध शराब के खिलाफ खेरवाड़ा पुलिस की कार्रवाई, 10 लीटर के जरीकेन के साथ आरोपी पर केस
खेरवाड़ा पुलिस ने सुवेरी रोड फला क्षेत्र में 10 लीटर के सफेद जरीकेन में शराब ले जा रहे व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम में केस दर्ज किया। पुलिस को देखकर आरोपी जरीकेन छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
खेरवाड़ा में थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 लीटर के सफेद रंग के जरीकेन में शराब लेकर जा रहे एक व्यक्ति के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई थानाधिकारी मन मंथ आढ़ा के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक वालचंद द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम सुवेरी रोड फला क्षेत्र में गश्त के दौरान एक व्यक्ति हाथ में 10 लीटर का सफेद रंग का जरीकेन लेकर पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस जाप्ते को देखकर व्यक्ति जरीकेन को सड़क किनारे छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया। पुलिस ने जरीकेन को जब्त कर लिया।
जांच के दौरान आरोपी की बिट प्रभारी द्वारा पहचान जीवनलाल पुत्र मन्नालाल मीणा, उम्र वयस्क, निवासी सुवेरी रोड फला, थाना खेरवाड़ा के रूप में की गई। पुलिस ने मामले में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
मामले का अनुसंधान हेड कांस्टेबल गिरधारी लाल द्वारा किया जा रहा है। पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।