खेरवाड़ा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को आयुष्मान मॉडल सीएचसी के रूप में विकसित करने का रास्ता साफ हो गया है। राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने और जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेरवाड़ा सीएचसी को आयुष्मान मॉडल सीएचसी में परिवर्तित करने के आदेश जारी किए हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन ने बताया कि सांसद डॉक्टर मन्नालाल रावत एवं क्षेत्र के पूर्व विधायक नानालाल अहारी की अनुशंसा पर राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने खेरवाड़ा सीएचसी को आयुष्मान मॉडल सीएचसी में परिवर्तित करने के लिए 90 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है।

प्रदेश में पहले चरण में 41 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान मॉडल सीएचसी में परिवर्तित किया जाएगा। इसके लिए 45.07 करोड़ रुपए की स्वीकृतियां जारी की गई हैं।

खेरवाड़ा सीएचसी को आयुष्मान मॉडल में परिवर्तित करने के आदेश जारी होने पर क्षेत्र के पूर्व विधायक नानालाल अहारी, पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर, भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन, भाजपा देहात जिला मंत्री अमित कलाल एवं लक्ष्मी देवी आहारी, मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता आदि ने राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया है।

इस स्वीकृति के बाद खेरवाड़ा सीएचसी को आयुष्मान मॉडल सीएचसी के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार की योजना के तहत कार्य किया जाएगा।

Tags: