मेनार में 28वें श्री अम्बामाता पशु मेले की शुरुआत, रामलीला मंचन ने बांधा समां
उदयपुर के मेनार में आयोजित नौ दिवसीय मेले के दूसरे दिन सुंदरकांड पाठ और रामलीला का मंचन हुआ, जबकि 750 से अधिक प्लॉट आवंटित किए गए।
मेनार में 28वें अम्बामाता मेले के दौरान रात में रंग-बिरंगे झूलों और दुकानों पर उमड़ी लोगों की भीड़।
मेनार/खेरोदा, 4 नवंबर 2026। मेहतागढ़ मेनार स्थित हिरोला की छापर मेला ग्राउंड में आयोजित नौ दिवसीय 28वें विशाल श्री अम्बामाता आमजन एवं पशु मेले में धार्मिक आयोजनों और मनोरंजन के बीच रौनक बढ़ने लगी है। मेले के दूसरे दिन संगीतमय सुंदरकांड पाठ के बाद रघुवीर रामायण मंडल, साकरोदा ग्रुप की ओर से प्रस्तुत रामलीला ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। श्रीराम की बाल लीलाओं से लेकर रावण वध तक के सजीव मंचन ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। रावण वध के दृश्य के दौरान पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
रामलीला में कलाकारों ने श्रीराम की बाल लीलाओं, वनवास, सीता हरण, हनुमानजी द्वारा लंका दहन और रावण वध सहित रामायण के विभिन्न प्रसंगों का जीवंत मंचन किया। संगीतमय सुंदरकांड पाठ के बाद शुरू हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और देर रात तक मंचन का आनंद लिया।
ग्राम विकास अधिकारी रामदीन मीणा व प्रभुलाल यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से मेले में अब तक 750 से अधिक प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। मावली मेले का समापन होने के बाद व्यापारियों के मेनार पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। व्यापारी अपनी दुकानों को सजाने में जुटे हैं। ग्राम पंचायत की ओर से व्यापारियों को पेयजल एवं विद्युत सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है।
सरपंच सुमित्रा रमेशचंद्र सांगावत व उपसरपंच संजय मेनारिया ने बताया कि मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ आमजन के मनोरंजन और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए पंचायत के जनप्रतिनिधि और वार्ड पंच अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।
मेले में चकरी, डोलर, मौत का कुआं, जादूगर शो, प्यारेलाल शो और सर्कस सहित मनोरंजन के कई साधन आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वार्ड पंच कविता देवी मेनारिया और कैलाशी देवी सुथार ने बताया कि मेले में मनिहारी, कपड़ों, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और खान-पान की दुकानें भी सजने लगी हैं। इससे मेला परिसर में ग्रामीण परिवेश के पारंपरिक बाजार और आधुनिक मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
मेले की व्यवस्थाओं के संचालन में सरपंच सुमित्रा रमेशचंद्र सांगावत, उपसरपंच संजय मेनारिया, वार्ड पंच कविता देवी मेनारिया, कैलाशी देवी सुथार, संगीता, कंचन देवी, रेखा भानावत, धनलाल मानावत, दीपक, निमतलाल रूपावत, अभिषेक मेरावत, किशन एवं नरेश सहित वार्ड प्रतिनिधि लोकेश मेनारिया, हीरालाल सुथार, दुर्गाशंकर, राजकुमार और पुष्कर लाल सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सभी जनप्रतिनिधि मेले में पहुंचने वाले व्यापारियों और मेलार्थियों की सुविधाओं, व्यवस्थाओं के संचालन तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं।
पशुओं के टीकाकरण और उपचार के लिए पशुपालन विभाग की टीम तैनात की गई है। वार्ड पंच निमत लाल रूपावत, अभिषेक मेरावत व धनलाल मानावत ने बताया कि मेलार्थियों के लिए चिकित्सा सुविधा, पेयजल, विद्युत और पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार के निर्देशन में पुलिस जाब्ता सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहा है। वहीं, पशुपालन विभाग की नोडल प्रभारी कविप्रिया जायसवाल के निर्देशन में विभागीय टीम पशुओं की चिकित्सा एवं अन्य सेवाएं उपलब्ध करवा रही है।
धार्मिक आयोजनों, रामलीला के मंचन, मनोरंजन के साधनों और व्यापारिक गतिविधियों के साथ मेनार का नौ दिवसीय 28वां श्री अम्बामाता आमजन एवं पशु मेला लगातार आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी और विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं के बीच मेले में श्रद्धालुओं, व्यापारियों और मेलार्थियों की आवाजाही जारी है।