खेरोदा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां तेज, मटकी फोड़ का होगा आयोजन
मंदिरों में आकर्षक सजावट और विशेष शृंगार के साथ मध्यरात्रि महाआरती होगी, युवाओं के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता रखी गई है।
खेरोदा में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर कस्बे के सभी चारभुजा मंदिरों सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर विशेष आयोजनों की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंदिरों में रंग-रोगन के साथ आकर्षक विद्युत सजावट की जा रही है।
जन्माष्टमी के अवसर पर ठाकुरजी का विशेष शृंगार किया जाएगा। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की महाआरती होगी। इसके बाद भगवान को पारंपरिक पंजीरी और माखन-मिश्री का विशेष भोग धराया जाएगा।
पर्व के दौरान युवाओं के उत्साह को बढ़ाने के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
देर रात तक भजन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनके लिए मंदिर कमेटियां व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। जन्माष्टमी को लेकर खेरोदा के मंदिरों में धार्मिक आयोजनों के साथ साज-सज्जा का काम भी जोर-शोर से जारी है।