कानोड़ में आयोजित कार्यक्रम के मंच पर तुलसी अमृत निकेतन संस्थान के बैनर तले छात्राएं खड़ी हैं।

कानोड में नगर पालिका क्षेत्र स्थित तुलसी अमृत निकेतन संस्थान के चालीसवें स्थापना दिवस पर मंगलवार को विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अणुव्रत बाल भारती भवन का लोकार्पण हुआ, वहीं तुलसी अमृत इंग्लिश मीडियम स्कूल में देशभर की संस्कृति, सामाजिक कुरीतियों और संस्थान की 40 वर्ष की यात्रा को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामने रखा गया।

प्रातः 9 बजे तुलसी अमृत उ.प्रा. विद्यालय में अणुव्रत बाल भारती के भवन का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता रोडी लाल दिनेश चन्द्र मोरवडिया ने की। लोकार्पणकर्ता एवं मुख्य अतिथि कमलेश कुमार जारोली रहे। संचालक मनोज भणावत के निर्देशानुसार पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में कहीं भी प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया गया। विद्यालय के शिक्षकों ने पूरे परिसर को गमलों और फूल-पत्तियों से सजाया तथा फूलों से रंगोली बनाई।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। ‘सुस्वागतम...’ गीत पर छात्राओं ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया, जिसकी सभी ने प्रशंसा की और छात्राओं को पारितोषिक प्रदान किए गए। शिक्षिका तरूलता व्यास ने नवकार मंत्र तथा प्रधानाध्यापक दीपक शर्मा ने शारदा वंदना का गायन किया। स्वागताध्यक्ष उदय सिंह मेहता ने अतिथियों का स्वागत किया।

लोकार्पणकर्ता कमलेश जारोली ने तुलसी अमृत उ.प्रा. विद्यालय के अणुव्रत बाल भारती की शिक्षिकाओं को सम्मानित किया और शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण भाव से काम करने की बात कही। पूर्व प्रधान करण सिंह कोठारी व डां.सी.एस. ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उ.प्रा. विद्यालय में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष प्रणवीर बाबेल ने आभार व्यक्त किया। मंत्री ताराचंद जैन, पूर्व मंत्री हेमन्त कुमार डूंगरवाल, तेरापंथ समाज के अध्यक्ष अभय बाबेल और पारस कोठारी ने आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया।

दोपहर 12 बजे तुलसी अमृत इंग्लिश मीडियम स्कूल में स्थापना दिवस के अवसर पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। राजस्थान, गुजरात, हरियाणा सहित देशभर की संस्कृति को गीतों में समाहित करते हुए बालक-बालिकाओं ने प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों, माता-पिता की सेवा, वृद्धाश्रम, अंधविश्वास और पाखंड को नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में संस्थान की चालीस वर्ष की यात्रा को भी लघु नाटिका के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। संस्थान के अध्यक्ष प्रणवीर बाबेल ने सभी को संस्थान की गौरवशाली यात्रा की बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया। संस्थान के संरक्षक अशोक पोखरना ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को एक लाख रुपए के पुरस्कार से सम्मानित किया।

तुलसी अमृत उ.मा. विद्यालय के प्राचार्य हेमन्त पटेल, ऐकेडमी की प्रचार्या प्रमिला दलाल, उ.प्रा. विद्यालय के प्रधानाध्यापक दीपक शर्मा और छात्रावास प्रमुख कल्याण सिंह राठौड़ अपनी-अपनी व्यवस्थाओं में लगे दिखे। कार्यक्रम का संयोजन सपना जारोली, हर्षिता वया व पंकज आमेटा ने किया। इस तरह स्थापना दिवस समारोह में संस्थान की चार दशक की यात्रा के साथ सांस्कृतिक और सामाजिक सरोकारों को भी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच मिला।


Tags: