झालावाड़ प्रीमियम लीग सीजन-13 में रॉयल स्ट्राइकर ने मारी बाजी, एसके खेरवाड़ा रही उपविजेता
झाड़ोल में झालावाड़ प्रीमियम लीग सीजन-13 का रोमांचक समापन हुआ। रॉयल स्ट्राइकर विजेता और चैलेंजर एसके खेरवाड़ा उपविजेता रही।
तस्वीर में खिलाड़ी और अन्य लोग ट्रॉफी व पदक के साथ खुले मैदान में खड़े और बैठे दिखाई दे रहे हैं।
झालावाड़ प्रीमियम लीग सीजन-13 का दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट उत्साह और रोमांच के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। टूर्नामेंट में पटेल समाज झालावाड़ की कुल 8 टीमों ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और उत्साह का प्रदर्शन किया।
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में रॉयल स्ट्राइकर विजेता बनी, जबकि चैलेंजर एसके खेरवाड़ा उपविजेता रही। विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी और नकद पारितोषिक से सम्मानित किया गया।
टूर्नामेंट को सफल बनाने में आयोजक पवन मालवीय एसके साउंड, ईश्वर कुमावत हनुमान फोटो कॉपियर एवं अन्य युवा टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आयोजकों ने बताया कि युवाओं को खेलों से जोड़ने और क्षेत्र में क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर झालावाड़ पटेल समाज अध्यक्ष प्रकाश गुजरिया, समाजसेवी पेमा लाल गोरनिया, उपसरपंच लोकेश बाकलिया, पटेल समाज सेवा ट्रस्ट अध्यक्ष कन्हैयालाल पटेल, ट्रस्ट कोषाध्यक्ष लाल चंद कुमावत, पूर्व ट्रस्ट अध्यक्ष दिनेश पटेल, एलआईसी एजेंट पन्ना लाल पटेल एवं गोपाल कुमावत, लक्ष्मीलाल, दिनेश कुमावत सहित गणमान्य लोग और सभी टीमों के खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सोहन पटेल ने किया।
आयोजन की सफलता पर सभी टीमों और खिलाड़ियों ने आयोजक टीम का आभार व्यक्त किया। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी राजेंद्र कुमावत ने दी।