सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति को लेकर खेरवाड़ा में छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली
खेरवाड़ा में राजकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता रैली निकाली, दिए प्रभावी संदेश।
खेरवाड़ा स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने ग्रामीण क्षेत्र में जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा एवं नशा मुक्ति अभियान के संयुक्त तत्वावधान में विशाल जागरूकता रैली निकाली। रैली का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रवीण पंड्या ने हरी झंडी दिखाकर किया।
रैली का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने के साथ युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर रखना रहा। बड़ी संख्या में छात्राओं ने एनएसएस स्वयंसेवकों तथा महाविद्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ रैली में भाग लिया। रैली स्थानीय मुख्य मार्गों से होकर गुजरी।
इस दौरान छात्राओं ने “नशा नाश का द्वार है, सड़क सुरक्षा जीवन का आधार है”, “हेलमेट पहनें, सुरक्षित घर लौटें” और “ड्रिंक एंड ड्राइव न करें” जैसे नारों के माध्यम से आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति का संदेश दिया।
रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे कभी भी नशे का सेवन नहीं करेंगे और वाहन चलाते समय यातायात नियमों का सख्ती से पालन करेंगे। साथ ही सीट बेल्ट और हेलमेट के अनिवार्य उपयोग के प्रति स्वयं जागरूक रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
रैली के दौरान महाविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी डॉ. सुमन राठौर, डॉ. वंदना सांखला, दीपक अहारी, डॉ. दिव्या सोलंकी, मोहित कुमार मीणा, मनोज कुमार, डॉ. सीमा डांगी, मेहुल पांचाल, नेहा चारण, पूजा यादव एवं कोमल कुमारी सहित अन्य उपस्थित रहे। रैली के माध्यम से छात्राओं ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और नशे से दूर रहने के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।