तस्वीर में झाड़ोल थानाधिकारी बुद्धाराम विश्नोई नजर आ रहे हैं।

झाड़ोल पुलिस थाने में थानाधिकारी के पद पर कार्यरत बुद्धाराम विश्नोई की बुधवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा जोधपुर जिले के चोमू थाना क्षेत्र में रात करीब 12 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विश्नोई जोधपुर हाईकोर्ट में एक प्रकरण की पेशी के बाद निजी वाहन से उदयपुर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी कार की भिड़ंत हो गई।

हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बुद्धाराम विश्नोई की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ वाहन में मौजूद चालक सुनील घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सामने से आ रहे वाहन की तेज हेडलाइट की रोशनी चालक की आंखों पर पड़ने से सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई नहीं दी। इसी दौरान कार ट्रॉली से जा टकराई। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हादसे की सूचना मिलते ही चोमू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को चोमू के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जबकि घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस हादसे से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

बुद्धाराम विश्नोई ने करीब दो माह पहले ही झाड़ोल थानाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। जानकारी के अनुसार उनका तबादला बांसवाड़ा से उदयपुर जिले में हुआ था, जिसके बाद उन्हें झाड़ोल थाने की कमान सौंपी गई थी।

थानाधिकारी बुद्धाराम विश्नोई के असामयिक निधन की खबर गुरुवार सुबह झाड़ोल पहुंचते ही पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया। सड़क हादसे में एक पुलिस अधिकारी की मौत से पुलिस महकमा स्तब्ध है। हादसे की परिस्थितियों को लेकर चोमू पुलिस की जांच जारी है।

Tags: