फतहनगर-सनवाड़ की संकरी गलियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में मकानों व दुकानों के नजदीक से गुजर रही विद्युत लाइनें जनसुरक्षा के लिए खतरा बन रही हैं। शॉर्ट सर्किट और विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए नगर पालिका की पालिकाध्यक्ष ममता राजेश चपलोत ने विद्युत लाइनों को भूमिगत करने की मांग उठाई है। उन्होंने 25 नवंबर को ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर को पत्र लिखकर इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

पालिकाध्यक्ष ने पत्र में बताया कि फतहनगर-सनवाड़ वर्ष 1972 से प्रभावी एक पुरानी एवं ऐतिहासिक नगरीय निकाय है। इसकी बसावट उदयपुर शहर एवं नाथद्वारा की तर्ज पर हुई है। मुख्य बाजार, पुरानी आबादी, संकरी गलियां और घनी आवासीय बस्तियां कस्बे की प्रमुख विशेषताएं हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्य बाजार और पुरानी आबादी वाले क्षेत्रों में विद्युत लाइनें मकानों एवं दुकानों के बेहद नजदीक से गुजर रही हैं। कई स्थानों पर तार एक-दूसरे के काफी करीब हैं, जबकि कुछ जगहों पर नीचे झूलते तारों के कारण शॉर्ट सर्किट और विद्युत दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। इससे दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि संकरी गलियों और घनी आबादी वाले इलाकों में विद्युत खंभे एवं तार आवागमन के साथ कस्बे के सौंदर्यीकरण में भी बाधा बन रहे हैं। इन परिस्थितियों में सुरक्षित और आधुनिक विद्युत व्यवस्था के लिए लाइनों को भूमिगत करना आवश्यक है।

पालिकाध्यक्ष ममता राजेश चपलोत ने ऊर्जा मंत्री से फतहनगर-सनवाड़ की ऐतिहासिक बसावट, घनी आबादी और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग को तकनीकी सर्वेक्षण कराने, प्रस्ताव तैयार करने तथा बजट स्वीकृति की कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया है।

उन्होंने विश्वास जताया कि विद्युत लाइनों के भूमिगत होने से कस्बे की बिजली व्यवस्था अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होगी। इससे विद्युत दुर्घटनाओं का खतरा कम होने के साथ ही फतहनगर-सनवाड़ के सौंदर्यीकरण और विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

Tags: