कानोड़ के सरकारी स्कूल में शिक्षक, छात्र व छात्राएं कलाकृतियों के साथ, निशुल्क कोचिंग व शैक्षणिक पहल।  

कानोड़। सरकारी विद्यालय में शिक्षक की भूमिका अब केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं रह गई है। यदि शिक्षक विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उनके सपनों को दिशा देने का संकल्प ले तो शिक्षा उनके जीवन में बदलाव का मजबूत आधार बन सकती है। कानोड़ के पीएम श्री चतुर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गणित व्याख्याता पुरोहित इसी उद्देश्य के साथ शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार कर रहे हैं। उनकी पहल से विद्यार्थियों को निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग के साथ करियर मार्गदर्शन, औद्योगिक भ्रमण, छात्रवृत्ति और प्रतिभा सम्मान जैसे अवसर मिल रहे हैं। इतना ही नहीं, वे स्थानीय इतिहास, कला संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और सामाजिक सरोकारों को भी विद्यार्थियों की शिक्षा से जोड़ रहे हैं।

कानोड़ को मेवाड़ की शिक्षा नगरी के रूप में पहचान मिली है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में सरकारी नौकरियों में चयन की संख्या कम होने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्राओं को बाहर नहीं भेज पाने जैसी समस्याओं को देखते हुए व्याख्याता पुरोहित ने साथियों के सहयोग से निशुल्क कोचिंग अभियान शुरू किया। इसके तहत अब तक करीब 150 विद्यार्थियों को डीएलएड एवं बीएड प्रवेश परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी करवाई जा चुकी है। इनमें कई विद्यार्थियों का चयन भी हुआ है। वर्तमान में करीब 50 विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी निशुल्क कर रहे हैं।

उदयपुर में पोस्टिंग प्राप्त करने वाली प्रिया बाबेल ने बताया कि बड़े शहरों में महंगी फीस चुकाकर मिलने वाली कोचिंग जैसी शिक्षा उन्हें कानोड़ में निशुल्क उपलब्ध हुई। उनके करियर को सही दिशा देने में पुरोहित सर और उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

अपने खर्चे पर 100 विद्यार्थियों को कराया शैक्षणिक भ्रमण

विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव देने के उद्देश्य से पुरोहित ने अपने खर्चे पर करीब 100 छात्र-छात्राओं को जयपुर, अजमेर और खाटूश्यामजी का शैक्षणिक भ्रमण कराया। विद्यालय में स्थापित मानक क्लब के माध्यम से भी विद्यार्थियों को औद्योगिक क्षेत्रों का भ्रमण करवाया जाता है। इसका उद्देश्य उन्हें उद्योगों की कार्यप्रणाली और रोजगार के अवसरों को नजदीक से समझने का अवसर देना है।

बावड़ियों की सफाई से जल संरक्षण का संदेश

पुरोहित ने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी अपनी कार्यशैली में शामिल किया है। नगर की इंद्र बावड़ी की सफाई और गंगा आरती क्षेत्र में स्वच्छता एवं जल संरक्षण को लेकर किए गए प्रयासों से उनकी पहल को पहचान मिली। इसके बाद नगर की अन्य बावड़ियों की सफाई के लिए भी प्रयास शुरू किए गए। पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने के प्रति विद्यार्थियों के साथ आमजन को जागरूक करने का अभियान लगातार जारी है।

सोशल मीडिया के जरिए नई पीढ़ी को कानोड़ के इतिहास से जोड़ा

कानोड़ के प्राचीन और गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए पुरोहित ने सोशल मीडिया को माध्यम बनाया। कानोड़ इतिहास दिवस, बांधनवाड़ा युद्ध के नायक महासिंह जयंती और हल्दीघाटी युद्ध के नायक नेत सिंह जयंती जैसे आयोजनों की शुरुआत कर युवाओं को स्थानीय इतिहास और विरासत से जोड़ने का प्रयास किया गया।

50 जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दिलाने में सहयोग

आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की पढ़ाई आर्थिक अभाव के कारण बीच में न छूटे, इसके लिए विभिन्न एनजीओ के माध्यम से करीब 50 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दिलाने में सहयोग किया गया है। इसके साथ ही स्थानीय कला को प्रोत्साहन देने और विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए भी विद्यालय में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।

100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम के साथ उच्च शिक्षा पर जोर

विद्यालय का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा है। विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के बाद बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों को विद्यालय में आमंत्रित किया जाता है। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और करियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी जाती है। प्रतिभावान विद्यार्थियों का प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया जाता है।

व्याख्याता पुरोहित की पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल विषय आधारित शिक्षा देना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करना है। उनका प्रयास है कि गांव के विद्यार्थियों को भी बड़े शहरों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की तरह अवसर मिलें और आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां उनकी प्रगति में बाधा न बनें। निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग, औद्योगिक भ्रमण, छात्रवृत्ति, करियर मार्गदर्शन और स्थानीय इतिहास एवं पर्यावरण से जुड़ी गतिविधियों के जरिए उन्होंने शिक्षक की भूमिका को व्यापक स्वरूप दिया है। उनके प्रयासों से विद्यालय में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सामाजिक जागरूकता को भी लगातार बढ़ावा मिल रहा है।

Tags: