उदयपुर जिला प्रमुख चुनाव के लिए जिला परिषद सभागार में बुधवार को निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र सौंपते प्रत्याशी।  

उदयपुर जिला परिषद में जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए बुधवार, 25 नवंबर को भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला होगा। भाजपा ने वार्ड-37 से निर्वाचित 42 वर्षीय हिम्मत सिंह झाला को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने वार्ड-2 से निर्वाचित 65 वर्षीय लाल सिंह झाला को प्रत्याशी बनाया है। दोनों दलों के उम्मीदवारों के बीच होने वाले इस चुनाव में जिला परिषद के सदस्यों का संख्या बल निर्णायक भूमिका निभाएगा।

47 सदस्यों वाली उदयपुर जिला परिषद में भाजपा के 24, कांग्रेस के 22 और भारत आदिवासी पार्टी का 1 सदस्य है। जिला प्रमुख पद पर जीत के लिए 24 वोटों की आवश्यकता है। ऐसे में भाजपा के पास अपने दम पर बहुमत का आंकड़ा है, जबकि कांग्रेस के सामने इस संख्या तक पहुंचने की चुनौती है।

भाजपा प्रत्याशी हिम्मत सिंह झाला एमए शिक्षित हैं। वे वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस प्रत्याशी लाल सिंह झाला 12वीं पास हैं। वे गोगुंदा में प्रधान और उदयपुर देहात कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं।

जिला प्रमुख पद के चुनाव की प्रक्रिया बुधवार को जिला परिषद सभागार में संपन्न होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे, जबकि दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। जिला प्रमुख के चुनाव में दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होने से सभी की निगाहें मतदान और परिणाम पर टिकी रहेंगी।

Tags: