ऋषभदेव: पूर्व छात्र संगठन ‘धरोहर’ गठित, मेदिनी व जीत कन्वीनर बने
| पुनर्मिलन बैठक में सभी बैच जोड़ने, छात्रों को करियर मार्गदर्शन देने और स्कूल के शैक्षणिक व भौतिक विकास में सहयोग करने की रूपरेखा तय की गई।
ऋषभदेव के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में पुनर्मिलन बैठक के दौरान 'धरोहर' संगठन का गठन किया गया।
ऋषभदेव (उदयपुर)। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, ऋषभदेव (पूर्व गर्ल्स स्कूल) में पूर्व विद्यार्थियों को एक मंच पर जोड़ने और विद्यालय के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित पूर्व विद्यार्थी पुनर्मिलन समारोह एवं पूर्व छात्र परिषद की प्रथम ऐतिहासिक बैठक में विद्यालय के पूर्व छात्र संगठन का गठन कर उसे ‘धरोहर’ (MGGS ऋषभदेव एलुमनाई एसोसिएशन) नाम दिया गया। संगठन के संचालन की जिम्मेदारी सर्वसम्मति से मेदिनी विप्र और जीत त्रिवेदी को कन्वीनर (संयोजक) के रूप में सौंपी गई।
प्रधानाचार्य डॉ. रेणुका थ्योफ्लस की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मनोरमा देवी, अनीता देवी रावल, वंदना रावल, कलावती जैन एवं हेमलता रावल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समारोह का शुभारंभ विद्यालय पहुंचे पूर्व विद्यार्थियों के तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत के साथ हुआ।
बैठक में सर्वसम्मति से पूर्व छात्र संगठन के गठन का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद संगठन का नाम ‘धरोहर’ (MGGS ऋषभदेव एलुमनाई एसोसिएशन) निर्धारित किया गया। संगठन की गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए मेदिनी विप्र एवं जीत त्रिवेदी को सर्वसम्मति से कन्वीनर चुना गया।
इस दौरान पूर्व गर्ल्स स्कूल एवं महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (MGGS) के विभिन्न बैचों से जुड़े पूर्व विद्यार्थियों ने अपनी स्कूली जिंदगी की पुरानी यादें साझा कीं। बैठक में संगठन के माध्यम से विद्यालय के सभी पूर्व बैचों को एक साझा मंच पर जोड़ने का निर्णय लिया गया। साथ ही वर्तमान में अध्ययनरत विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन (Mentorship), प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा विद्यालय के शैक्षणिक एवं भौतिक विकास में सक्रिय सहयोग देने की रूपरेखा भी तय की गई।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपस्थित सभी पूर्व विद्यार्थियों का पंजीयन किया गया और उन्हें संगठन के आधिकारिक नेटवर्क से जोड़ा गया। अंत में प्रधानाचार्य डॉ. रेणुका थ्योफ्लस एवं विद्यालय परिवार ने सभी का आभार व्यक्त किया। सामूहिक फोटोग्राफी के साथ पूर्व विद्यार्थी पुनर्मिलन समारोह का समापन हुआ। ‘धरोहर’ संगठन के गठन से विद्यालय के विभिन्न बैचों के पूर्व विद्यार्थियों को एकजुट कर वर्तमान विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और संस्थान के विकास में उनकी भागीदारी का औपचारिक मंच तैयार हुआ।