jpgझाड़ोल के जे.आर. शर्मा पीजी कॉलेज में महिला हिंसा उन्मूलन दिवस पर आयोजित एनएसएस जागरूकता कार्यक्रम।   

अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर 25 नवंबर 2026 को स्थानीय जे.आर. शर्मा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, झाड़ोल में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, लैंगिक समानता, महिला सशक्तिकरण और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.के. जैन ने की। मुख्य वक्ता के रूप में महिला सुरक्षा केंद्र, झाड़ोल की कानूनी सलाहकार दिप्ती चौपड़ा उपस्थित रहीं। उन्होंने स्वयंसेविकाओं को अपने कानूनी अधिकारों का सही तरीके से उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन में आए बिना सावधान और सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. एम.के. जैन ने लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को हिंसा के उन्मूलन के लिए उपलब्ध कानूनी सहायता और सेवाओं की जानकारी देना है।

महाविद्यालय के बीसीए विभागाध्यक्ष निशा मेघवाल ने साइबर क्राइम और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वयंसेविकाओं को डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल के दौरान सतर्क रहने के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम प्रभारी डॉ. अनिता गन्ना ने कौमी एकता सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के व्याख्याता डॉ. भूपेन्द्र मेघवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि संचालन शिव चरण किराड ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य और 100 स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं।

Tags: