ई-मित्र व्हाट्सऐप पर अब 103 सरकारी सेवाएं, 1 जुलाई से सुविधा शुरू
ई-मित्र व्हाट्सऐप सेवा का विस्तार कर अब 103 सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। 1 जुलाई से शुरू सुविधा में आवेदन, डाउनलोड, भुगतान और स्टेटस चेक के साथ कई विभागों की सेवाएं शामिल हैं।
खेरवाड़ा में नागरिकों को घर बैठे त्वरित और पारदर्शी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने ई-मित्र व्हाट्सऐप सेवा का दायरा बढ़ा दिया है। 1 जुलाई से इस प्लेटफार्म पर नई सेवाएं शुरू होने के बाद उपलब्ध सरकारी सेवाओं की संख्या बढ़कर 103 हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन ने बताया कि इससे पहले ई-मित्र व्हाट्सऐप प्लेटफार्म पर 51 सरकारी सेवाएं उपलब्ध थीं।
पारस जैन के अनुसार, अब तक इस सेवा के माध्यम से 2.32 लाख से अधिक ट्रांजैक्शन दर्ज किए जा चुके हैं। वर्तमान में उपलब्ध 103 सेवाओं में 32 एप्लीकेशन, 36 डाउनलोड, 6 पेमेंट तथा 29 स्टेटस चेक सेवाएं शामिल हैं। इन सेवाओं को आने वाले समय में एपीआई इंटीग्रेशन के माध्यम से ई-मित्र मोबाइल एप्लीकेशन और ई-मित्र कियोस्क पर भी जल्द उपलब्ध कराया जाएगा।
सरकार ने ई-मित्र व्हाट्सऐप सेवा के लिए 9461062705 नंबर जारी किया है। नागरिक इस नंबर को अपने मोबाइल में सेव कर व्हाट्सऐप पर हाय, हेलो जैसे सामान्य संदेश भेजकर सेवा शुरू कर सकते हैं।
भाजपा नेता पारस जैन ने बताया कि ई-मित्र व्हाट्सऐप प्लेटफार्म पर राजस्व, गृह, जन आधार, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, डिस्कॉम, स्थानीय निकाय, शिक्षा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और पुलिस सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
नागरिक इस सुविधा के माध्यम से बोनाफाइड प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, ईडब्लूएस आय एवं परिसंपत्ति प्रमाण पत्र, नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन सहित विभिन्न सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। इसके अलावा बिजली संबंधी शिकायत दर्ज करने और पुलिस शिकायत जैसी सुविधाएं भी ई-मित्र व्हाट्सऐप प्लेटफार्म पर उपलब्ध हैं।
ई-मित्र व्हाट्सऐप पर सेवाओं की संख्या 51 से बढ़ाकर 103 किए जाने से नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए डिजिटल माध्यम से आवेदन, दस्तावेज डाउनलोड, भुगतान और आवेदन की स्थिति जांचने की सुविधा एक ही प्लेटफार्म पर मिल रही है। आने वाले समय में यही सेवाएं ई-मित्र मोबाइल एप्लीकेशन और ई-मित्र कियोस्क पर भी उपलब्ध कराने की तैयारी है।