तस्वीर में बावलवाड़ा में केसरिया वस्त्र पहने महिलाएं और ग्रामीण कावड़ यात्रा के दौरान सड़क पर कतारबद्ध होकर चलते हुए दिखाई दे रहे हैं।

खेरवाड़ा तहसील के बावलवाड़ा कस्बे में श्रावण मास की एकादशी के अवसर पर कल महिला मंडल के नेतृत्व में कावड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा सुबह 7 बजे ठाकुरजी मंदिर से प्रारंभ होगी, जिसमें स्थानीय गांव की महिलाएं सामूहिक रूप से भाग लेंगी।

कावड़ यात्रा में शिवभक्त ढोल-नगाड़ों के साथ शिव भजनों पर झूमते हुए सोम नदी पहुंचेंगे। वहां से पवित्र जल भरकर श्रद्धालु पुनः ठाकुरजी मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे। मंदिर पहुंचने के बाद भगवान शिव का पवित्र जल से जलाभिषेक किया जाएगा। जल अर्पण के बाद महिला मंडल की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है।

आयोजन की खास बात यह है कि संपूर्ण कावड़ यात्रा और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी गांव की महिला शक्ति द्वारा संभाली जाएगी। श्रावण मास में कावड़ यात्रा का सनातन धर्म में विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु पवित्र नदियों से जल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। मान्यता है कि इससे भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है, पापों का क्षय होता है तथा मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

Tags: