तस्वीर में खेरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास सड़क पर जमा पानी और उसमें पनप रहे मच्छरों का लार्वा दिखाई दे रहा है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेरवाड़ा की ओर जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से पानी भरा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इसी मार्ग से अस्पताल के अधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिदिन आवागमन करते हैं। जलभराव के कारण जगह-जगह मच्छरों के लार्वा पनप रहे हैं, जिससे मौसमी बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

कस्बे से राम मंदिर एवं गौशाला की ओर जाने वाला यह मार्ग स्थानीय ग्रामीणों के लिए भी आवागमन का प्रमुख रास्ता है। सड़क पर पानी जमा रहने से पैदल राहगीरों को सड़क के किनारे से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई दिनों से जमा पानी में मच्छरों के पनपने से आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।

वर्तमान मौसम में डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मच्छरजनित एवं मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ने की संभावना को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जलभराव वाले स्थान से पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था कराकर नियमित रूप से सफाई एवं मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराया जाए, ताकि मच्छरों की उत्पत्ति पर रोक लग सके और क्षेत्र में मौसमी बीमारियों का खतरा नहीं बढ़े।

Tags: