तस्वीर में बावलवाड़ा की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रशासनिक अधिकारी को 14 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए लाडदेश पट्टा संघर्ष मोर्चा के सदस्य और ग्रामीण नजर आ रहे हैं।

खेरवाड़ा, उप तहसील क्षेत्र बावलवाड़ा की वर्षों से लंबित मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर लाडदेश पट्टा संघर्ष मोर्चा ने संभाग आयुक्त उदयपुर एवं जिला कलेक्टर को 14 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। मोर्चा ने प्रशासन से समस्याओं के समाधान के लिए 15 दिन का समय देते हुए क्षेत्र का दौरा कर जमीनी स्थिति का अवलोकन करने का आग्रह किया है।

ज्ञापन में शिक्षा, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली, पुलिस एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख करते हुए बताया गया कि क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सामना कर रहे हैं। मोर्चा ने कहा कि बावलवाड़ा उप तहसील केवल कागजों तक सीमित होकर रह गई है। नायब तहसीलदार एवं पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति नहीं होने से ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

मोर्चा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना, युवाओं के लिए खेल मैदान एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने, राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने, पुलिस थाना बावलवाड़ा में स्टाफ बढ़ाने तथा कानपुर एवं भाणदा पुलिस चौकियों को नियमित रूप से संचालित करने की मांग की गई।

ज्ञापन में एनएच-927ए मार्ग का शीघ्र निर्माण, ढीकवास दो नदी बांध एवं बरोठी ब्राह्मण बांध के विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने तथा लिफ्ट एरिगेशन योजना लागू कर क्षेत्र में सिंचाई एवं पेयजल उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। इसके साथ ही किसानों से जुड़े भूमि मामलों का शीघ्र निस्तारण एवं बिना नाम दर्ज भूमि पर काबिज पात्र लोगों को भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण करने की मांग उठाई गई।

शिक्षा व्यवस्था को लेकर भलाई स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर करने तथा निजी भवनों में संचालित विद्यालयों के स्थायी भवनों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। संघर्ष मोर्चा ने प्रशासन से सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए 15 दिवस के भीतर समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।

मोर्चा ने जिला कलेक्टर को क्षेत्र की समस्याओं का जमीनी स्तर पर अवलोकन करने के लिए शीघ्र बावलवाड़ा क्षेत्र का दौरा करने का आमंत्रण भी दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान पंचायत समिति सदस्य अशिवन दरंगा, वार्ड पंच लक्ष्मण खोकरिया, पूर्व पंचायत समिति सदस्य मंशाराम दरंगा तथा लाडदेश पट्टा संघर्ष मोर्चा के सदस्य पेमाराम, शिवराम सागिया, राकेश बोदर, अभिषेक करोवा, चयलेश भगौरा, महिपाल खोखरिया, नवीन भगोरा, कुरीलाल, गोविंद, रमेश चंद्र, राजदीप, खेमजी, कालूलाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags: